• January 31, 2026

गणतंत्र दिवस पर दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता का जोरदार संबोधन: अंबेडकर-हेडगेवार को नमन, 11 महीनों की उपलब्धियां गिनाईं, कई बड़ी योजनाओं का ऐलान

नई दिल्ली: गणतंत्र दिवस समारोह के मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजपथ पर मुख्य अतिथि के रूप में दिए गए अपने संबोधन में संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की और साथ ही दिल्ली सरकार की पिछले 11 महीनों की उपलब्धियों का विस्तृत ब्योरा पेश किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली भारत की आत्मा का प्रतिबिंब है और यह हर चुनौती के बाद और मजबूत होकर उभरती है।

संविधान सभा और ऐतिहासिक व्यक्तित्वों को याद किया
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों को नमन करते हुए की। उन्होंने विशेष रूप से इस बात का जिक्र किया कि यह ‘वंदे मातरम’ का 150वां वर्ष है। साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की स्थापना के 100वें वर्ष पर डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार को भी याद किया। सीएम गुप्ता ने दिल्ली के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा, “दिल्ली भारत की आत्मा का प्रतिबिंब है। जिन्होंने इसे लूटा, वे खुद गायब हो गए, लेकिन दिल्ली हर बार ज्यादा अच्छी और समृद्ध होकर उभरी है।”

11 महीनों में सिस्टम की जमी धूल साफ करने का दावा
उन्होंने कहा कि जब उनकी सरकार ने 11 महीने पहले दिल्ली की कमान संभाली, तो सबसे बड़ी चुनौती सालों से जमा सिस्टम की रुकावटें और धूल थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर चलते हुए सरकार ने नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं।

  • जन कल्याण की प्रमुख उपलब्धियां और घोषणाएं
    मुख्यमंत्री ने गणतंत्र दिवस के मंच से कई बड़ी उपलब्धियां और योजनाओं का ऐलान किया:50 अटल कैंटीन शुरू की गईं, जहां 5 रुपये में भोजन मिलता है और रोजाना 50,000 लोग भोजन करते हैं।
    सभी सरकारी अस्पतालों का डिजिटलीकरण शुरू, आयुष्मान भारत योजना पहले दिन से लागू; अब तक 6.5 लाख लोग जुड़ चुके हैं।
    300 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए।
    4000 नए डॉक्टरों और पैरामेडिक्स की भर्ती प्रक्रिया शुरू।
    शिक्षा बजट 21% रखा गया; स्कूल फीस बढ़ोतरी पर रोक के लिए विधेयक लाया जा रहा है।
    नरेला में 1300 करोड़ रुपये की लागत से एजुकेशन हब का निर्माण।
    खिलाड़ियों को ओलंपिक में गोल्ड के लिए 7 करोड़, सिल्वर के लिए 5 करोड़ और ब्रॉन्ज के लिए 3 करोड़ की पुरस्कार राशि (देश में सर्वाधिक)।
    कैपिटल एक्सपेंडिचर 30,000 करोड़ रुपये तक बढ़ाया गया।
    अगले 3 वर्षों में 11,000 ई-बसें दिल्ली में शामिल होंगी।
    सभी आईएसबीटी का नवीनीकरण और दिल्ली मेट्रो के लिए बजट 5,000 करोड़ रुपये तक बढ़ाया।
    महिलाओं के साथ ट्रांसजेंडर समुदाय को भी ‘पिंक बस कार्ड’ के जरिए फ्री बस यात्रा।
    पूरे दिल्ली में 10,000 नए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
    तिहाड़ जेल को कहीं और शिफ्ट करने की योजना पर काम तेज।
    दिल्ली के गांवों के विकास के लिए 1700 करोड़ और झुग्गी बस्तियों के लिए 700 करोड़ रुपये खर्च।
    10 नई गौशालाओं का निर्माण कार्य शुरू।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य एक ऐसी राजधानी बनाना है जो आधुनिक, सुरक्षित, स्वच्छ और समावेशी हो। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे सरकार के साथ मिलकर दिल्ली को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *