• February 6, 2025

झुकती है दुनिया, बस झुकाने वाला चाहिए

 झुकती है दुनिया, बस झुकाने वाला चाहिए

आज का भारत अपनी जाति, धर्म, बोली, पानी, मौसम और जैव विविधता को एक सूत्र में पिरोकर दुनिया में विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है। वह जल्द ही विकसित देश बनेगा। इक्कीसवीं सदी में हर देशभक्त भारतवासी की आंखों में एक सपना बसा हुआ है कि कैसे भारत सुपर पावर बने, जिसके सम्मान में हर देश नतमस्तक हो। हालांकि देशवासियों के इस सपने को साकार करने के लिए सरकारें प्रयास कर रही हैं। वर्ष 2014 में नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद लोगों को लगने लगा है कि उनका सपना हर हाल में पूरा होगा।

वैसे भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विदेश यात्राओं की लंबी फेहरिस्त और उपलब्धियों को देखें तो उनकी हर यात्रा पर ‘सुपर पावर इंडिया’ के मिशन की स्पष्ट छाप नजर आती है। अधिकांश लोगों के मतानुसार उनके ‘सुपर पावर इंडिया’ के सपने की उम्मीद को धरातल पर साकार करने में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोलह-आने खरे साबित हुए हैं। उन्होंने विदेशी धरती पर भारत की धाक जमाई है। पिछले नौ वर्षों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ठोस रणनीति के चलते भारत का डंका पूरी दुनिया के विभिन्न क्षेत्रों में बज रहा है। आज विदेशी जमीं पर भी देशवासी गर्व से अपने आपको भारतीय बता रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के राज में आज भारत की छवि दुनिया में मजबूत हुई है। यह आलम है कि कोई भी देश भारत की आज किसी भी क्षेत्र में अनदेखी करने का दुस्साहस नहीं कर सकता है। भारत ने कृषि, उद्योग, व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा, तकनीक, रिसर्च, रक्षा, आईटी, अंतरिक्ष आदि के क्षेत्र में कार्य करते हुए जल-थल व नभ से जुड़े क्षेत्रों में अपनी एक विशिष्ट पहचान पूरी दुनिया में बनाई है। यह ‘सुपर पावर इंडिया’ मिशन के दृष्टिकोण से बड़ा संकेत है।

दुनिया में भारत की यह सुदृढ़ स्थिति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राज की बहुत बड़ी उपलब्धि है। वैश्विक मंचों पर भारत और भारतवासियों की धाक बढ़ रही है। भारतीय प्रतिनिधि दुनिया के विभिन्न मंचों पर तथ्यात्मक बात करते हुए शेर की तरह दहाड़ते हैं। पूरी दुनिया उनको ध्यान से सुनती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अमेरिका की राजकीय यात्रा इस मिशन के लिए माइल स्टोन से कम नहीं है।

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के बीच हुए अहम समझौतों से बड़ा फलक तैयार हुआ है। मोदी दो अवसरों पर अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करने वाले पहले भारतीय राजनेता बन गए हैं। उनके संबोधन के दौरान अमेरिका के सांसदों का बार-बार खड़े होकर ताली बजाना ऐतिहासिक पल है। अब तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दुनिया की एक ऐसी लोकप्रिय शख्सियत बन चुके जिनके आटोग्राफ खुद राष्ट्राध्यक्ष लेने लगे हैं।

किसी पूर्वाग्रह के देखा जाए तो मोदी राज में भारत को प्रत्येक अंतरराष्ट्रीय मंच पर विशेष तरजीह मिल रही है। ऐसी धाक आज तक नहीं रही। यह उसी धाक का कमाल है कि आज मोदी सरकार की विदेश नीति की चर्चा हम देशवासियों के साथ पूरी दुनिया भी कर रही है। सभी को लगने लगा है कि मोदी के ‘सुपर पावर इंडिया’ का मिशन अब पूर्ण नियंत्रण के साथ उचित रफ्तार में है। वैसे भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विदेशी दौरों के दौरान समय-समय पर अपनी कुशल कारगर रणनीति व दमदार कार्यशैली के दम पर बार-बार यह साबित किया है −’झुकती है दुनिया, बस झुकाने वाला चाहिए’।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *