सीआईडी क्राइम ब्रांच ने अंतरराज्यीय तस्कर से पकड़ी नौ लाख की अफीम

पुलिस मुख्यालय की स्पेशल टीम क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (सीआईडी क्राइम ब्रांच) टीम ने चित्तौड़गढ़ जिले की डूंगला थाना पुलिस के सहयोग से मंगलवार को बाइक सवार एक अन्तर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर उच्च क्वालिटी की एक किलो 750 ग्राम अवैध अफीम जब्त की है। जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 9 लाख रुपए है। फिलहाल आरोपी तस्कर से पूछताछ की जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध) दिनेश एम एन ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस मुख्यालय क्राइम ब्रांच की टीमों को अलग-अलग शहरों में भिजवा कर सूचना एकत्रित की जा रही है। इसी क्रम में चित्तौड़गढ़ गई क्राइम ब्रांच की टीम ने डूंगला थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के सहयोग से बाइक सवार तस्कर मांगीलाल मेघवाल (31) निवासी डूंगला को पकड़ 1 किलो 750 ग्राम अवैध अफीम जब्त की। इसका एक साथी नरेश कुमार मेघवाल निवासी डूंगला मौके से फरार हो गया, जिसे तलाश की जा रही है। फरार आरोपित नरेश के विरुद्ध पहले भी अवैध शराब और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई प्रकरण दर्ज है। यह राजस्थान व अन्य राज्यों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी का काम करते हैं। इस इस कार्रवाई में एएसआई बनवारी लाल, हैड कांस्टेबल सोहन सिंह, कांस्टेबल जितेंद्र कुमार व कांस्टेबल चालक सुरेश कुमार की विशेष भूमिका रही। कांस्टेबल अरुण कुमार व कुलदीप सिंह टीम में शामिल है। गिरफ्तारी चित्तौड़गढ़ पुलिस की ओर से की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *