• December 28, 2025

शादी से पहले ब्यूटी पार्लर में दुल्हन की गोली मारकर हत्या

 शादी से पहले ब्यूटी पार्लर में दुल्हन की गोली मारकर हत्या

झांसी,24 जून । जनपद के थाना सीपरी बाजार क्षेत्र में एकतरफा प्यार में पागल सिरफिरे आशिक ने रविवार देर रात ब्यूटी पार्लर के अंदर दुल्हन की गोली मारकर हत्या कर दी। इससे पहले उसने दुल्हन से बोला, मेरे साथ चलो। दुल्हन ने मना कर दिया। कुछ देर बाद दरवाजे का शीशा तोड़कर फिर अंदर आया। बोला, तुम मेरी नहीं हुई तो किसी और की नहीं होने दूंगा। दुल्हन के सीने में दो गोली मारी और फरार हो गया। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। दुल्हन के परिजन मौके पर पहुंचे, उसे झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

मध्य प्रदेश के दतिया के सोनागिर इलाके के बरगाय गांव के राजकुमार अहिरवार की बेटी काजल (20) की रविवार को शादी थी। पड़ोसी युवक दीपक अहिरवार उसको पसंद करता था और शादी करना चाहता था। मगर, काजल और उसका परिवार शादी के लिए राजी नहीं था। परिजनों ने काजल की शादी झांसी के चिरगांव के सिमथरी गांव में रहने वाले राज से तय कर दी। बीती रात रविवार को झांसी के खोडन में स्थित निशा गार्डन में शादी होनी थी। इसके लिए काजल अपने परिवार के साथ रविवार शाम को ही मैरिज हॉल पहुंच गई थी।

निशा गार्डन से करीब 200 मीटर दूर एक ब्यूटी पार्लर में दुल्हन काजल देर शाम तैयार होने पहुंची। साथ में उसकी 4 चचेरी बहन नेहा, मुस्कान, वंदना और अनुष्का भी थीं। नेहा और अनुष्का ने बताया कि रात करीब 10 बजे दीपक आया। उसने सीधे ब्यूटी पार्लर का गेट खोला और काजल से बातचीत करने लगा। साथ चलने को कहा, तो काजल ने मना कर दिया। इस पर पार्लर चलाने वाली महिला ने दीपक को बाहर निकाल दिया और अंदर से गेट बंद कर दिया। चचेरी बहन नेहा ने बताया कि उन्हें बाहर से दीपक के चिल्लाने की आवाज सुनाई देती रही। कुछ देर बाद उसने दरवाजे का शीशा तोड़ दिया। अंदर आकर धमकी दी और तंमचा निकाल कर काजल पर गोली चला दी। गोली लगते ही काजल नीचे गिर गई।

पंडाल में मातम, रात में ही वीरान हुआ शादी का घर

दुल्हन काजल को गोली लगने की खबर जैसे ही मैरिज हाल पहुंची वहां मातम छा गया। परिजन तुरंत पार्लर पहुंचे और बेटी को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत की जानकारी पर मां रानी का रो-रोकर बेहाल हो गई। वह रोते हुए बार-बार बेहोश हो रही थीं और आरोपी दीपक को कोस रही थीं।

बहनों की भी हालत बिगड़ी

गोली लगने के बाद काजल को खून से लथपथ देखकर चचेरी बहन नेहा की हालत भी खराब हो गई। अनुष्का और वंदना भी अचेत होकर गिर गईं। उनको भी अस्पताल ले जाना पड़ा। दुल्हन की मौत के बाद बारात बीच रास्ते से ही वापस लौट गई। काजल तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर की थी। उससे बड़ा भाई विकास है, जबकि छोटे भाई विशाल है। काजल ने नौवीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। पिता राजकुमार खेती-किसानी करते हैं।

हत्यारोपित की गिरफ्तारी को दो टीमें मध्य प्रदेश रवाना

एसएसपी राजेश एस. ने बताया कि शादी से कुछ घंटे पहले ही दुल्हन की गोली मारकर हत्या की गई है। आरोपित सनकी आशिक दीपक बताया जा रहा है और वह दुल्हन का पीछा करते हुए झांसी आया था। आरोपी दीपक को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की दो टीमें दतिया भेजी गई हैं। घर के साथ ही जहां-जहां उसके रिश्तेदार हैं, वहां भी छापेमारी की जा रही है। युवक की जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *