भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी का सहरसा एवं सुपौल में किया गया भव्य स्वागत
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह प्रतिपक्ष के नेता बिहार विधान परिषद सम्राट चौधरी ने सोमवार को सहरसा एवं सुपौल जिले का भ्रमण किया। हवाई अड्डे पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने फूलमाला एवं बुके देकर उनका भव्य स्वागत किया।
प्रदेश अध्यक्ष खुली जीप में हवाई अड्डा से अंबेडकर प्रतिमा स्थल पहुंचे। जहां उन्होंने अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वे काफिले के साथ पंडित चंद्रशेखर आजाद एवं बाबू वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया। तत्पश्चात कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत में उन्हें आम एवं मिठाई के द्वारा तराजू पर उनका वजन किया गया। उसके बाद गांधी पथ होते हुए शंकर चौक स्थित रामजानकी ठाकुरबाड़ी मंदिर में पूजा अर्चना किया। वहां से वे साइकिल द्वारा मुख्य कार्यक्रम स्थल रेनबो रिसोर्ट पहुंचे।वही रेनबो रिसोर्ट में आयोजित कार्यक्रम को अन्य भाजपा नेताओं ने भी संबोधित किया।
प्रदेश अध्यक्ष चौधरी ने इस अवसर पर जनसंघ काल के 11 वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया।इस अवसर पर अन्य पार्टी से आए दर्जनों कार्यकर्ताओं को भारतीय जनता पार्टी में शामिल कर उनका सम्मान किया गया। उन्होंने कहा कि भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 साल के शासन को बेमिसाल बताते हुए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गरीब मां की कोख से उत्पन्न प्रधानमंत्री ने सबसे पहले गरीब लोगों का बैंक में जनधन खाता खुलवाया। गरीब महिलाओं के आंखों से बहते आंसू को रोकने के लिए उज्जवला गैस योजना के माध्यम से लोगों को मुफ्त सिलेंडर एवं चूल्हा प्रदान किया।
चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसानों को भी सम्मानित कर उन्हें आर्थिक लाभ पहुंचाया। वही वैश्विक आपदा कोरोनाकाल के दौरान स्वास्थ्य ढांचा को दुरुस्त कर 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में अनाज मुहैया कराया। इसके साथ ही धारा 370 की समाप्ति,तीन तलाक को समाप्त कराया। राम मंदिर का निर्माण बहुत जल्द पूरा होने वाला है। उन्होंने कहा कि आज पूरे विश्व में भारत का सम्मान बढा है। प्रधानमंत्री भी पूरे विश्व में सम्मानित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को विश्व की पांचवीं अर्थव्यवस्था बनाने का भी काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य की 2024 तक सभी गरीबों को पक्का आवास मुहैया कराया जाना है।आज देश प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सभी क्षेत्रों में सर्वांगीण विकास की ओर अग्रसर है।बिहार की चर्चा कर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने दो बार कर्पूरी ठाकुर एक बार लालू प्रसाद यादव तथा 5 बार नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष दिवाकर सिंह व मंच संचालन शिव भूषण सिंह ने किया। इस कार्यक्रम को पूर्व मंत्री डॉक्टर आलोक रंजन, नीरज कुमार बबलू,जीवेश मिश्र आदि लोगों ने भी संबोधित किया।





