• July 19, 2026

बिहार में हेली-पर्यटन सेवा शुरू, CM सम्राट चौधरी ने दिखाई पहली उड़ान को हरी झंडी; ₹2,100 में मिलेगा ‘पटना स्काईलाइन’ का अनुभव

पटना: बिहार में पर्यटन को नई उड़ान देने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए हेली-पर्यटन सेवा की शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना एयरपोर्ट से पहली हेलीकॉप्टर पर्यटन उड़ान को हरी झंडी दिखाकर इस सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य सरकार द्वारा विकसित नए स्टेट हैंगर का भी उद्घाटन किया।

यह पहल जून 2026 में कैबिनेट से मंजूरी प्राप्त ‘बिहार हेली-पर्यटन एवं हवाई पर्यटन सेवा योजना-2026’ के तहत शुरू की गई है।

आम लोगों के लिए किफायती हवाई पर्यटन

राज्य सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों को किफायती दरों पर हेलीकॉप्टर यात्रा उपलब्ध कराना और बिहार के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक हवाई संपर्क स्थापित करना है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) कार्यक्रम पूरा करने वाले चार प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र और बैज भी प्रदान किए।

CM सम्राट चौधरी ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा,

“मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 के अंतर्गत पर्यटकों को टिकट प्रदान कर ‘पटना जॉय राइड’ का शुभारंभ किया तथा पटना एयरपोर्ट परिसर में बिहार फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के नवनिर्मित स्टेट हैंगर का उद्घाटन किया।”

उन्होंने आगे कहा कि इस पहल से बिहार को पर्यटन और विमानन के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी तथा रोजगार, निवेश और विकास के नए अवसर पैदा होंगे।

पहली उड़ान में पांच यात्रियों ने लिया हिस्सा

मुख्यमंत्री की मौजूदगी में पहली हेलीकॉप्टर पर्यटन उड़ान में दो महिलाओं सहित पांच यात्रियों ने ‘पटना जॉय राइड’ का अनुभव लिया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव और पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता भी मौजूद रहे। पर्यटन मंत्री ने इसे बिहार के पर्यटन क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि इससे राज्य में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

किराया कितना होगा?

सरकार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, हेली-पर्यटन सेवा के लिए शुरुआती किराया इस प्रकार तय किया गया है—

  • पटना स्काईलाइन (10 मिनट): ₹2,100 प्रति व्यक्ति
  • पटना से मां मुंडेश्वरी मंदिर: ₹6,000
  • पटना से वाल्मीकि नगर: ₹5,000
  • पटना से राजगीर: ₹4,000

आगे और बढ़ेगा नेटवर्क

राज्य सरकार का कहना है कि आने वाले समय में हेली-पर्यटन नेटवर्क का चरणबद्ध तरीके से विस्तार किया जाएगा। सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से धार्मिक पर्यटन, साहसिक पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही बिहार की पर्यटन क्षमता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *