• March 1, 2026

खूंटी के बाबा आम्रेश्वर धाम में उमड़ी भक्तों की भीड़

 खूंटी के बाबा आम्रेश्वर धाम में उमड़ी भक्तों की भीड़

आम्रेश्वर धाम में रविवार को बाबा का जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। तड़के साढ़े तीन बजे जैसे ही बाबा मंदिर के साथ ही अन्य मंदिरों के पट खुले, पूरा धाम परिसर बोल बम, हर हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। बाबा के जलार्पण और पूजा-अर्चना के लिए रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा सहित अन्य जिलों के भक्त भारी संख्या में आम्रेश्वर धाम पहुंचे।

भक्तों ने मंदिर परिसर से दो किलोमीटर दूर बनई नदी से पवित्र जल उठाकर अंगराबारी पहंचे और बाबा मंदिर सहित अन्य मंदिरों में पूजा-अर्चना की। सैकड़ों भक्त नामकुम और हटिया स्थित स्वर्णरेखा नदी से जल लेकर 50 किलोमीटर की दूरी तय कर पैदल पांव आम्रेश्वर धाम पहुंचे। बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति के महामंत्री मनोज कुमार ने बताया कि लगभग 15 हजार भक्तों ने छोटानागपुर के इस मिनी बाबाधाम में जलार्पण किया।

सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था

दो महीने तक लगने वाले श्रावणी मेले और भक्तों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। उपायुक्त शशि रंजन और पुलिस अधीक्षक के निदेश पर जिला पुलिस, जैप और अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है और पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। तोरपा, कर्रा, खूंटी और मुरहू थाना की पुलिस के अलावा महिला पुलिसकर्मियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।

इसके अलावा प्रबंध समिति के पदाधिकारी और वालेंटियर्स भी शांति व्यवस्था बनाए रखने में योगदान दे रहे हैं। प्रबंध समिति के महामंत्री मनोज कुमार, मनीनाथ मिश्रा, श्रीपालचंद जैन, सत्यजीत कुंडू, सुखदेव भगत, संतोष पोद्दार, परिमल घोष, राजू साहू, हीरालाल साहू, नरेंद्र अधिकारी, महेंद्र अग्रवाल, महेंद्र भगत, अरुण कर आदि ने यात्रियों को सुविधा देने मं योगदान दिया।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *