• April 6, 2026

ग्रेटर आगरा को मिलेगी बड़ी सौगात: सीएम योगी करेंगे टाउनशिप का शिलान्यास, प्रशासन अलर्ट

आगरा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के मंगलवार को प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ग्रेटर आगरा टाउनशिप परियोजना का शिलान्यास करेंगे, जिसे शहर के विकास के लिहाज से एक बड़ी पहल माना जा रहा है।

रविवार को प्रदेश के पर्यटन मंत्री और आगरा के प्रभारी मंत्री Jaiveer Singh ने सर्किट हाउस और कमिश्नरी में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से दी जा रही ग्रेटर आगरा की यह सौगात शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण और तैयारियां तेज

बैठक के बाद प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ इनर रिंग रोड और एक्सप्रेसवे के पास रायपुर-रहनकलां स्थित प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए इनर रिंग रोड से गढ़ी संपत तक पीडब्ल्यूडी द्वारा नई सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। यह सड़क लंबे समय से जर्जर थी, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी होती थी।

कार्यक्रम का शेड्यूल

प्रशासन के अनुसार, मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर 2:30 बजे कार्यक्रम स्थल पर उतरेगा। इसके बाद 2:45 बजे वे ग्रेटर आगरा टाउनशिप का शिलान्यास और भूमि पूजन करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री करोड़ों रुपये की अन्य विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

व्यवस्थाओं को लेकर सख्त निर्देश

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने मंच, हेलीपैड, पार्किंग, मीडिया दीर्घा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने शिलापट्टों की तैयारी, लाभार्थियों की सूची और प्रमाणपत्र वितरण की प्रक्रिया को समय से पूरा करने पर भी जोर दिया।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, महापौर हेमलता दिवाकर, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। वहीं मंडलायुक्त Nagendra Pratap Singh, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार और जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक में भाग लिया।

5142 करोड़ की लागत से बनेगी टाउनशिप

ग्रेटर आगरा टाउनशिप परियोजना करीब 5142 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जाएगी। यह योजना 449.65 हेक्टेयर भूमि पर तैयार होगी और इसमें विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, चौड़ी सड़कें और आधुनिक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस टाउनशिप के विकसित होने से लगभग 50 हजार लोगों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवास मिल सकेगा।

प्लॉट की कीमतें तय

प्राधिकरण के अनुसार, आवासीय प्लॉट की कीमत करीब 33 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर तय की गई है। वहीं व्यावसायिक प्लॉट के लिए यह दर लगभग 66 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर होगी। इसके अलावा मिश्रित उपयोग (मिक्स्ड यूज) वाले प्लॉट भी उपलब्ध होंगे, जिनमें नीचे व्यावसायिक और ऊपर आवासीय निर्माण किया जा सकेगा। इनकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर रखी गई है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *