• March 14, 2026

बिजनौर में RSS जिला कार्यवाह के घर पर हमला, दो आरोपी हिरासत में; इलाके में तनाव

बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के जिला कार्यवाह के घर पर कथित हमले का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया, जबकि हिंदू संगठनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना धामपुर तहसील क्षेत्र की है, जहां तड़के करीब 3 बजे RSS के जिला कार्यवाह विपिन चौहान के घर पर कुछ लोगों ने कथित रूप से हमला कर दिया। आरोप है कि दूसरे समुदाय के कुछ लोग घर में घुस आए और तोड़फोड़ के साथ मारपीट भी की। इस दौरान घर के परिजनों के साथ बदसलूकी किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

हिंदू संगठनों में आक्रोश
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर जुट गए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन से आरोपियों पर सख्त कार्रवाई के साथ बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी उठाई।

पुलिस के साथ भी दुर्व्यवहार का आरोप
बताया जा रहा है कि घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम के साथ भी कुछ लोगों ने दुर्व्यवहार किया। हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए हालात को नियंत्रण में कर लिया।

विधायक ने दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा
मामले की जानकारी मिलते ही धामपुर के विधायक अशोक कुमार राणा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

दो आरोपी हिरासत में
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले आरोपी शोएब का RSS जिला कार्यवाह विपिन चौहान के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते उसने कथित रूप से अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया।

पुलिस ने मामले में शोएब और सत्तार नाम के दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी
धामपुर के सीओ अभय प्रताप पांडेय ने बताया कि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। एहतियातन इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अफवाह या तनाव की स्थिति से निपटा जा सके।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *