ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर हमला, पूछा- संविधान बड़ा या कुरान? आरक्षण को लेकर दी चुनौती
लखनऊ: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर एक बार फिर निशाना साधा है। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबी पोस्ट साझा करते हुए अखिलेश यादव से सवाल किया कि उनके लिए कुरान बड़ा है या संविधान? उन्होंने मुस्लिमों को आरक्षण देने के मुद्दे पर सपा प्रमुख को घेरते हुए संविधान और सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला दिया।
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव से पूछा- कुरान बड़ा या संविधान?
ओपी राजभर ने अपनी पोस्ट की शुरुआत अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए की। उन्होंने लिखा, “मित्र अखिलेश यादव जी, राधे-राधे महाराज, सुना है आपको रैपिड फायर राउंड बहुत पसंद है। उसी अंदाज में बता दीजिए कि आपके लिए कुरान बड़ा है या संविधान?”
राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव संविधान और आरक्षण की बात तो करते हैं, लेकिन मुस्लिमों के लिए आरक्षण के मुद्दे पर अलग रुख अपनाते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अखिलेश यादव ने कभी बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का पूरा संविधान पढ़ा है?
मुस्लिम आरक्षण के मुद्दे पर सपा प्रमुख को घेरा
ओपी राजभर ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता। उन्होंने अखिलेश यादव पर वोट हासिल करने के लिए मुस्लिमों को आरक्षण का भरोसा देने का आरोप लगाया।
राजभर ने कहा कि गैर-यादव पिछड़ों और दलितों के लिए संविधान सबसे ऊपर है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सपा और उसके सहयोगी दल संविधान और आरक्षण के मुद्दे पर जनता को गुमराह कर रहे हैं।
उन्होंने अपनी पोस्ट में यह सवाल भी उठाया कि यदि मुस्लिमों के लिए अलग आरक्षण की व्यवस्था की जाती है, तो अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के मौजूदा आरक्षण पर इसका क्या असर पड़ेगा?
इंदिरा साहनी केस और पश्चिम बंगाल के फैसले का दिया हवाला
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को इंदिरा साहनी मामले और पश्चिम बंगाल के ओबीसी आरक्षण से जुड़े 2024 के न्यायिक फैसले पढ़ने की सलाह दी। उन्होंने आंध्र प्रदेश में मुस्लिमों को अलग से आरक्षण देने की कोशिश का भी जिक्र किया।
राजभर का दावा है कि अदालतों ने धर्म के आधार पर आरक्षण देने के प्रयासों को स्वीकार नहीं किया है। उन्होंने कहा कि संविधान के मूल ढांचे में समानता और धर्मनिरपेक्षता शामिल हैं और संविधान में कोई संशोधन भी सुप्रीम कोर्ट की न्यायिक समीक्षा से बाहर नहीं है।
हालांकि, धर्म और समुदाय के आधार पर आरक्षण का कानूनी सवाल जटिल है। किसी धार्मिक समुदाय के सभी लोगों को केवल धर्म के आधार पर आरक्षण देने और उस समुदाय के सामाजिक व शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों को पिछड़े वर्ग की श्रेणी में आरक्षण देने के बीच कानूनी अंतर है।
‘अगली पैदाइश में भी नहीं बनेगी सपा की सरकार’
अपनी पोस्ट के आखिर में ओपी राजभर ने अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश का मुस्लिम समाज, गैर-यादव पिछड़े और बहुजन समाज सपा की राजनीति को समझने लगे हैं।
राजभर ने लिखा कि सपा की सरकार अब 2027 में तो क्या, अगली पैदाइश में भी नहीं बनेगी। उन्होंने अपनी पोस्ट का समापन जय भारत, जय श्रीराम, जय श्रीकृष्ण और जय महाराजा सुहेलदेव के नारों के साथ किया।
पहले भी अखिलेश यादव पर साध चुके हैं निशाना
यह पहली बार नहीं है जब ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को लेकर इस तरह की टिप्पणी की है। इससे पहले राम मंदिर जाने के सवाल पर भी उन्होंने सपा प्रमुख पर तंज कसा था। राजभर ने सवाल किया था कि अखिलेश यादव मथुरा और काशी कब जाएंगे।
लगातार सामने आ रहे इन बयानों से उत्तर प्रदेश की सियासत में बयानबाजी तेज है। अब देखना होगा कि अखिलेश यादव ओपी राजभर के इस ताजा हमले पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।
