ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

गोवर्धन परिक्रमा कर कृष्ण भक्ति में डूबे अनंत अंबानी, बोले- श्रीकृष्ण से जुड़ रहा है मेरा दिल

मथुरा: रिलायंस इंडस्ट्रीज के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी उत्तर प्रदेश के मथुरा में कृष्ण भक्ति में लीन नजर आए। उन्होंने गोवर्धन पहुंचकर गिरिराज जी की परिक्रमा की और अपनी आस्था व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने कहा कि गोवर्धन की परिक्रमा करने से उनके मन में विशेष भाव जाग रहे हैं और उनका दिल भगवान श्रीकृष्ण और श्रीनाथ जी से जुड़ रहा है। ब्रज के लोगों की श्रद्धा और भक्ति देखकर वह भावुक भी हो गए।

अनंत अंबानी ने ब्रजवासियों और परिक्रमा कर रहे श्रद्धालुओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों ने उनका बहुत प्रेम से स्वागत किया है। साथ ही उन्होंने परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं के समर्पण और आस्था की सराहना की।

जैतपुरा के मुखारबिंद मंदिर में की पूजा-अर्चना

अनंत अंबानी ने शुक्रवार शाम गोवर्धन के जैतपुरा स्थित मुखारबिंद मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर की ओर से उन्हें प्रसाद और पारंपरिक स्कार्फ भेंट किया गया।

मुखारबिंद मंदिर के पुरोहित मनोज कुमार के मुताबिक, अनंत अंबानी ने नंगे पैर गिरिराज जी की परिक्रमा की। उन्होंने बताया कि अनंत शनिवार सुबह गिरिराज जी का महाभिषेक भी करेंगे।

परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं की भक्ति देखकर हुए भावुक

गोवर्धन परिक्रमा के अनुभव को साझा करते हुए अनंत अंबानी ने कहा कि यहां अलग-अलग तरह से श्रद्धालु परिक्रमा करते हैं। कुछ लोग दंडवत परिक्रमा करते हैं और कई श्रद्धालु वर्षों से इस परंपरा का पालन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे श्रद्धालुओं के दर्शन और उनका आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। ब्रज का माहौल और लोगों की भक्ति देखकर उन्हें बहुत आनंद और भावुकता का अनुभव हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा की शुरुआत उन्होंने अपनी श्रद्धा और भावनाओं के साथ की है।

देश की खुशहाली और सभी के कल्याण के लिए करेंगे प्रार्थना

अनंत अंबानी ने कहा कि वह गोवर्धन में देश के कल्याण के लिए प्रार्थना करेंगे। उन्होंने भगवान श्रीनाथ जी से प्रधानमंत्री की लंबी आयु और देश के प्रत्येक नागरिक के सुख-समृद्धि की कामना की।

उन्होंने अपने परिवार, रिलायंस परिवार और भारत के सभी जीव-जंतुओं के लिए भी प्रार्थना करने की बात कही। अनंत ने कहा कि भगवान श्रीनाथ जी की कृपा सभी पर बनी रहे, यही उनकी कामना है।

गिरिराज पर्वत को बताया परिवार और वैष्णव परंपरा के लिए पावन धरती

अनंत अंबानी ने गिरिराज पर्वत के धार्मिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि यह उनके परिवार, दादा-दादी, माता-पिता और सभी वैष्णवों के लिए बेहद पवित्र स्थान है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला को याद करते हुए कहा कि श्रीकृष्ण ने सात दिनों तक गोवर्धन पर्वत को अपनी उंगली पर धारण किया था।

अनंत ने कहा कि उनकी लंबे समय से इच्छा थी कि वह यहां आकर गोवर्धन की परिक्रमा करें और भगवान श्रीकृष्ण से अपना जुड़ाव महसूस करें। वह पूरी श्रद्धा और भक्ति के भाव से यहां आए हैं और गिरिराज धरण के चरणों में अपना माथा टेकना चाहते हैं।

इससे पहले अनंत अंबानी वन्यजीव संरक्षण से जुड़े एक मामले को लेकर भी चर्चा में आए थे। असम में गंभीर हालत में मिले सात सप्ताह के हाथी के बच्चे ‘राजा’ को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर गुजरात स्थित वनतारा लाया गया था। इस पहल में भी अनंत अंबानी की भूमिका सामने आई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *