Dr. Hassan Teaser: नवाजुद्दीन सिद्दीकी बने अजीबोगरीब डॉक्टर, दीया मिर्जा के साथ सुलझाएंगे मेडिकल मिस्ट्री; इस दिन होगी रिलीज
ओटीटी दर्शकों के लिए एक दिलचस्प मेडिकल ड्रामा सीरीज आने वाली है। अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी और दीया मिर्जा स्टारर ‘डॉ. हसन’ का टीजर रिलीज कर दिया गया है। जियोहॉटस्टार ने सीरीज की पहली झलक के साथ इसकी रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। यह सीरीज 11 दिसंबर को प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होगी। टीजर में नवाजुद्दीन सिद्दीकी एक ऐसे डॉक्टर के किरदार में नजर आ रहे हैं, जिनका दिमाग बेहद तेज है और मेडिकल मामलों को सुलझाने की क्षमता शानदार है। हालांकि, उनका अजीबोगरीब व्यवहार उन्हें दूसरे लोगों से अलग बनाता है।
मेडिकल मिस्ट्री सुलझाने में माहिर हैं डॉ. हसन
‘डॉ. हसन’ की कहानी एक ऐसे डॉक्टर के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जो बेहद जटिल मेडिकल मामलों को भी अपनी असाधारण समझ और दिमाग से सुलझा लेते हैं। उनकी मेडिकल नॉलेज का कोई मुकाबला नहीं है, लेकिन उनका व्यवहार और काम करने का तरीका सामान्य डॉक्टरों से काफी अलग है।
सीरीज में नवाजुद्दीन का किरदार अपनी अजीब आदतों, बेबाक अंदाज और अनोखे नजरिए के चलते लोगों को हैरान करता नजर आएगा। मेडिकल रहस्यों के साथ इसमें ह्यूमर, इमोशन और दिलचस्प रिश्तों का भी तड़का देखने को मिलेगा। यही वजह है कि यह सीरीज पारंपरिक मेडिकल ड्रामा से कुछ अलग नजर आ रही है।
हॉलीवुड सीरीज ‘हाउस’ का भारतीय रूपांतरण है ‘डॉ. हसन’
‘डॉ. हसन’ की खास बात यह है कि यह दुनियाभर में लोकप्रिय अमेरिकी मेडिकल ड्रामा सीरीज ‘हाउस’ का भारतीय रूपांतरण है। ओरिजिनल सीरीज में अभिनेता ह्यू लॉरी ने डॉक्टर ग्रेगरी हाउस का किरदार निभाया था। यह शो 2004 से 2012 तक फॉक्स चैनल पर प्रसारित हुआ था।
‘हाउस’ को दर्शकों और समीक्षकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। इस सीरीज ने पांच प्राइमटाइम एमी अवॉर्ड्स, दो गोल्डन ग्लोब और एक पीबॉडी अवॉर्ड समेत कई प्रतिष्ठित सम्मान हासिल किए थे।
अब इसी लोकप्रिय फॉर्मेट को भारतीय दर्शकों के हिसाब से तैयार किया गया है। इसमें किरदारों, संवादों और रिश्तों को भारतीय परिवेश से जोड़ने की कोशिश की गई है। इससे पहले बानीजय एशिया ‘द नाइट मैनेजर’ और ‘मिस्ट्री’ जैसे अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट के भारतीय रूपांतरण भी पेश कर चुका है।
नवाजुद्दीन के साथ नजर आएंगी दीया मिर्जा
इस मेडिकल ड्रामा सीरीज में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ दीया मिर्जा भी अहम भूमिका निभाती नजर आएंगी। इनके अलावा फैसल राशिद, रहमत रतन, जयसन थाम और स्मरण सानू भी महत्वपूर्ण किरदारों में दिखाई देंगे।
सीरीज का निर्देशन रोहन सिप्पी ने किया है। इसकी कहानी भारतीय दर्शकों के हिसाब से विनय छावल और केतन पेडगांवकर ने तैयार की है, जबकि संवाद विराट बसोया ने लिखे हैं।
इस प्रोजेक्ट को बानीजय एशिया ने प्रोड्यूस किया है। इसके निर्माता दीपक धर, ऋषि नेगी, राजेश चड्ढा, मृणालिनी जैन और श्याम राठी हैं। वहीं विभास सिंह गौतम ने एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी संभाली है। यह सीरीज एनबीसीयूनिवर्सल फॉर्मेट्स के लाइसेंस के तहत बनाई गई है।
नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कैसा रहा किरदार निभाने का अनुभव
अपने किरदार के बारे में बात करते हुए नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि इस सीरीज की कहानी ने उन्हें बचपन की यादें ताजा करा दीं। अभिनेता के मुताबिक, बचपन में वह अपने शहर के क्लीनिक और दवाखानों के आसपास काफी समय बिताया करते थे। वहां उन्हें कई तरह के लोग और दिलचस्प घटनाएं देखने को मिलती थीं।
नवाजुद्दीन ने बताया कि ‘डॉ. हसन’ की कहानी पढ़ते हुए उन्हें वही पुरानी यादें फिर से याद आ गईं। उनके लिए इस किरदार की सबसे दिलचस्प बात उसकी असाधारण समझ और दुनिया को देखने का अलग नजरिया था।
वहीं, जियोस्टार के हिंदी और इंग्लिश एंटरटेनमेंट बिजनेस के प्रमुख आलोक जैन ने कहा कि इस सीरीज के जरिए ‘हाउस’ के यादगार किरदार को भारतीय अंदाज में पेश करने की कोशिश की गई है। बानीजय एशिया के सीईओ दीपक धर का भी मानना है कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी जैसे प्रतिभाशाली अभिनेता इस जटिल किरदार को खास गहराई दे सकते हैं।
कब और कहां देखें ‘डॉ. हसन’?
नवाजुद्दीन सिद्दीकी और दीया मिर्जा की यह मेडिकल ड्रामा सीरीज 11 दिसंबर को जियोहॉटस्टार पर रिलीज होगी। टीजर सामने आने के बाद से ही दर्शकों के बीच इसे लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। अब देखना दिलचस्प होगा कि हॉलीवुड की चर्चित मेडिकल सीरीज के इस भारतीय रूपांतरण को दर्शकों से कैसी प्रतिक्रिया मिलती है।
