ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

आजम खान की बेल प्रक्रिया पूरी, डासना जेल पहुंचा रिहाई का आदेश; आज शाम तक आ सकते हैं बाहर

गाजियाबाद: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को बड़ी राहत मिली है। गाजियाबाद की CJM कोर्ट में उनकी जमानत की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जमानत के लिए 50-50 हजार रुपये के दो जमानती पेश किए गए हैं, जबकि 50 हजार रुपये का पर्सनल बॉन्ड भी भरा गया है। शहनवाज और जुनैद ने जमानत दी है। इसके साथ ही 50-50 हजार रुपये की दो एफडी भी जमा कराई गई हैं।

आजम खान के वकीलों की ओर से सभी जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। सीजेएम कोर्ट से उनकी रिहाई का परवाना डासना जेल भेजा जाना है। जानकारी के मुताबिक, आजम खान की रिहाई का आदेश जेल पहुंच चुका है और उनके आज शाम तक जेल से बाहर आने की संभावना है।

ED को सुप्रीम कोर्ट में लगाई गई फटकार

आजम खान को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 31 अक्टूबर को उस समय गिरफ्तार किया था, जब वह दो पैन कार्ड से जुड़े मामले में जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आ रहे थे। ED ने यह कार्रवाई मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की थी।

आजम खान ने अपनी गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए दलील दी थी कि इसमें अनिवार्य कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने ED की दलीलों पर सख्त टिप्पणी की थी। अदालत ने कहा था, ‘आसमान नहीं टूट पड़ेगा, उन्हें अंतरिम जमानत पर रहने दें।’

इलाहाबाद हाई कोर्ट से मिली थी अंतरिम जमानत

इससे पहले इलाहाबाद हाई कोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आजम खान को अंतरिम जमानत दी थी। ED ने हाई कोर्ट के इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।

लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) एस.वी. राजू ने मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के समक्ष मौखिक रूप से मामले का उल्लेख किया और तत्काल सुनवाई की मांग की।

फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में भी मिली राहत

आजम खान को हाल ही में फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में भी सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली थी। शीर्ष अदालत ने उत्तर प्रदेश सरकार की उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें इलाहाबाद हाई कोर्ट के दोषसिद्धि पर रोक लगाने वाले फैसले को चुनौती दी गई थी। इस राहत का लाभ आजम खान के साथ उनकी पत्नी तजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान को भी मिला था।

दरअसल, 18 अक्टूबर 2023 को रामपुर की MP-MLA अदालत ने तीनों को धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश के मामले में दोषी ठहराते हुए सात-सात साल की सजा सुनाई थी। अब इस मामले में दोषसिद्धि पर रोक बरकरार है।

फिलहाल सभी की नजरें डासना जेल की औपचारिकताओं पर हैं। रिहाई का आदेश जेल पहुंचने के बाद आजम खान के बाहर आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *