ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

यूपी चुनाव 2027: ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन पर केशव मौर्य का तंज, बोले- 100 में 60 हमारा है

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले नए राजनीतिक समीकरण बनने लगे हैं। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने साथ मिलकर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाने का ऐलान किया है। इस गठबंधन में चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है। नए मोर्चे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गठबंधन पर प्रतिक्रिया देते हुए दावा किया कि विपक्षी दल एकजुट हो जाएं, तब भी भाजपा की जीत होगी।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “विपक्ष बीजेपी के खिलाफ एकजुट हो जाए, तब भी 100 में 60 हमारा है। 40 में बंटवारा है। बंटवारे में भी हमारा है। फिर कमल खिलेगा, फिर भाजपा सरकार बनेगी।”

चंद्रशेखर-ओवैसी ने किया सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का ऐलान

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व वाली आजाद समाज पार्टी-कांशीराम और असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM ने गठबंधन का ऐलान किया है। दोनों दलों ने अपने गठबंधन को ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम दिया है।

इस मोर्चे में चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया है। गठबंधन की घोषणा के दौरान चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह मोर्चा शोषित, बेसहारा, पीड़ित और दबे-कुचले लोगों के लिए एक मजबूत राजनीतिक मंच बनेगा। उन्होंने गठबंधन को सामाजिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

चंद्रशेखर के सीएम बनने पर ही आएगा असली बदलाव: ओवैसी

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी गठबंधन को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सभी सहयोगी मिलकर काम करेंगे, ताकि गठबंधन सफल हो और उत्तर प्रदेश की जनता को भी इसका लाभ मिले।

ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री बनाए जाने की पैरवी करते हुए कहा कि उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद ही असली बदलाव आएगा। उन्होंने गठबंधन के वादों को पूरा करने का भरोसा भी जताया।

अखिलेश यादव ने किया नए मोर्चे का स्वागत

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के नए गठबंधन का स्वागत किया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि प्रदेश में केवल सामाजिक नहीं, बल्कि राजनीतिक परिवर्तन की भी जरूरत है।

अखिलेश यादव ने दावा किया कि इस नए मोर्चे से विपक्ष को फायदा मिल सकता है और भाजपा का वोट प्रतिशत दो से तीन फीसदी तक और कम हो सकता है। उनके इस बयान को 2027 के चुनाव से पहले बन रहे नए राजनीतिक समीकरणों के संदर्भ में देखा जा रहा है।

अखिलेश बोले- खत्म होनी चाहिए वोटों की ठेकेदारी प्रथा

अखिलेश यादव ने अपने बयान में राजनीति में ‘वोटों की ठेकेदारी प्रथा’ खत्म होने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि केवल बयानबाजी से राजनीतिक सरगर्मी पैदा करने वालों की सच्चाई जनता समझती है।

उन्होंने कहा कि ऐसे मोर्चों से लोकतंत्र मजबूत हो सकता है, बशर्ते उनके पीछे समाज की भलाई की मंशा हो, न कि किसी तीसरे का कोई गलत उद्देश्य। अखिलेश के मुताबिक, यदि कोई राजनीतिक दल या नेता किसी की कठपुतली बनकर काम करता है, तो जनता चुनाव में उसे जवाब दे सकती है और उसकी जमानत भी जब्त हो सकती है।

2027 के चुनाव से पहले तेज हुई राजनीतिक बयानबाजी

ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन के ऐलान के बाद उत्तर प्रदेश में राजनीतिक दलों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। एक ओर भाजपा की तरफ से केशव प्रसाद मौर्य ने जीत का दावा किया है, तो दूसरी ओर अखिलेश यादव ने नए मोर्चे का स्वागत करते हुए इसे विपक्ष के लिए फायदेमंद बताया है।

अब देखना होगा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा आगामी विधानसभा चुनाव में कितना प्रभाव छोड़ पाता है और प्रदेश के राजनीतिक समीकरणों पर इसका क्या असर पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *