सम्राट चौधरी के ‘क्राइम-अपराध’ बयान पर प्रशांत किशोर का तंज, बोले- ‘मजा लीजिए, बढ़िया मुख्यमंत्री चुना है’
बेगूसराय: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अपराध और क्राइम को लेकर दिए गए बयान पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने तीखा तंज कसा है। प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री के बयान को लेकर बिहार के पढ़े-लिखे लोगों पर भी कटाक्ष किया और कहा कि जनता ने ऐसा मुख्यमंत्री चुना है, जो हर कुछ दिनों में लोगों को हंसने का मौका देता है।
सम्राट चौधरी के बयान के बाद बिहार की राजनीति में विवाद तेज हो गया है। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव भी मुख्यमंत्री पर निशाना साध चुके हैं। अब प्रशांत किशोर ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री की शैक्षणिक योग्यता और उनके बयान पर सवाल उठाए हैं।
‘मजा लीजिए, आपने बढ़िया मुख्यमंत्री चुना है’
प्रशांत किशोर ने बिहार के लोगों से तंज भरे अंदाज में कहा कि वे अपने चुने हुए मुख्यमंत्री के बयानों का आनंद लें। उन्होंने कहा कि जाति और धर्म के आधार पर बंटकर तथा मोदी-लालू की राजनीति में उलझकर जनता ने ऐसे व्यक्ति को चुना है, जो हर 5-10 दिन में हंसने का मौका देता है।
प्रशांत किशोर के मुताबिक, मुख्यमंत्री कभी अपने बयानों से तो कभी अपने ही समाज को लेकर लोगों को हंसने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि अब अपराध और क्राइम को लेकर एक नई परिभाषा सामने आई है और मुख्यमंत्री आए दिन ऐसी अजीबोगरीब परिभाषाएं लेकर आते रहते हैं।
पीके ने मुख्यमंत्री की शैक्षणिक पृष्ठभूमि पर टिप्पणी करते हुए कहा कि अगर लोग सातवीं कक्षा में फेल होने वाले व्यक्ति को अपना नेता चुनेंगे, तो उनसे ऐसी ही उम्मीद कर सकते हैं।
‘जिसे अपराध और क्राइम में फर्क नहीं मालूम, उससे क्या उम्मीद?’
प्रशांत किशोर ने कहा कि जिस व्यक्ति को अपराध और क्राइम में फर्क नहीं मालूम, उससे यह उम्मीद करना कि वह बिहार को ऐसा राज्य बनाएगा जहां बच्चों को अच्छी पढ़ाई और रोजगार मिले, सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री रहने तक इस तरह का मनोरंजन जारी रहेगा। हालांकि, प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि इसमें सम्राट चौधरी की गलती नहीं है, क्योंकि उन्हें बिहार की जनता ने चुना है।
पीके ने कहा कि जो लोग खुद को समझदार और ज्ञानी मानते हैं, उन्हें इस बात पर विचार करना चाहिए कि उन्होंने किसे मुख्यमंत्री बनाया है। उनके मुताबिक, चिंता मुख्यमंत्री को नहीं, बल्कि उन्हें मुख्यमंत्री बनाने वालों को करनी चाहिए।
सम्राट चौधरी ने क्या कहा था?
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को कहा था कि राज्य में कोई ‘अपराध’ नहीं है, हालांकि कुछ घटनाएं यानी ‘क्राइम’ हो सकती हैं। उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया।
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने भी मुख्यमंत्री के बयान पर निशाना साधा। अब प्रशांत किशोर की टिप्पणी के बाद यह मुद्दा राज्य की राजनीति में और गरमा गया है।
भाजपा में शामिल हुए निर्दलीय MLC की सदस्यता पर भी बोले पीके
प्रशांत किशोर ने बिहार विधान परिषद के दो नवनिर्वाचित निर्दलीय सदस्यों के भाजपा में शामिल होने के मामले पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जन सुराज की ओर से विधान परिषद के सभापति को याचिका दी गई है।
पीके के मुताबिक, दोनों सदस्यों के मामले में भी सभापति के समक्ष याचिका दी जाएगी। उन्होंने इसे संवैधानिक अवहेलना बताते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर जन सुराज अदालत का रुख भी करेगा।
प्रशांत किशोर ने दावा किया कि हर हाल में दोनों सदस्यों की सदस्यता जानी तय है।
