PM मोदी के सामने CM विजय ने रखीं 6 मांगें, चेन्नई मेट्रो से लेकर ₹5,110 करोड़ के फंड तक की अपील
चेन्नई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को तमिलनाडु के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के तहत पूनमल्ली से वडापलानी के बीच 14.6 किलोमीटर लंबे मार्ग का उद्घाटन किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने राज्य में 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री विजय मेट्रो में सफर करते हुए भी नजर आए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विजय ने प्रधानमंत्री मोदी के सामने तमिलनाडु के विकास से जुड़ी छह प्रमुख मांगें रखीं। इनमें मेट्रो नेटवर्क के विस्तार, हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, नदियों को जोड़ने की परियोजना और समग्र शिक्षा अभियान (SSA) के तहत लंबित राशि जारी करने की मांग शामिल है।
PM मोदी से CM विजय की 6 प्रमुख मांगें
1. चेन्नई मेट्रो के तीसरे चरण को जल्द मंजूरी
मुख्यमंत्री विजय ने चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के तीसरे चरण को जल्द मंजूरी देने का अनुरोध किया। प्रस्तावित योजना में एयरपोर्ट से किलांबक्कम, पूनमल्ली से सुंगुवरचत्रम और कोयम्बेडु से पट्टाबिराम तक लगभग 65 किलोमीटर के मार्ग शामिल हैं। इसका उद्देश्य चेन्नई और आसपास के क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन तथा कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना है।
2. कोयंबटूर और मदुरै में मेट्रो परियोजनाओं पर पुनर्विचार
सीएम विजय ने प्रधानमंत्री से कोयंबटूर और मदुरै में मेट्रो रेल शुरू करने के प्रस्तावों पर दोबारा विचार करने की अपील की। उन्होंने इन शहरों में भविष्य की विकास संभावनाओं और आर्थिक प्रगति को ध्यान में रखते हुए मेट्रो कनेक्टिविटी की जरूरत पर जोर दिया।
3. होसुर से बोम्मासंद्रा तक इंटर-स्टेट मेट्रो को मंजूरी
मुख्यमंत्री ने तमिलनाडु के होसुर और कर्नाटक के बोम्मासंद्रा के बीच अंतरराज्यीय मेट्रो रेल लाइन को मंजूरी देने का अनुरोध किया। इस परियोजना से दोनों राज्यों के बीच परिवहन संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।
4. गोदावरी-कावेरी नदी जोड़ो परियोजना को प्राथमिकता
सीएम विजय ने नदियों को आपस में जोड़ने की आवश्यकता पर जोर देते हुए गोदावरी-कावेरी लिंक परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना के रूप में आगे बढ़ाने की मांग की। उनका कहना था कि इससे दक्षिण भारत के राज्यों में जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और पानी की उपलब्धता को लेकर मदद मिल सकती है।
5. चेन्नई-कन्याकुमारी और चेन्नई-कोयंबटूर हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर
मुख्यमंत्री ने तमिलनाडु में हाई-स्पीड रेल नेटवर्क विकसित करने के लिए चेन्नई से कन्याकुमारी और चेन्नई से कोयंबटूर के बीच रेल कॉरिडोर को मंजूरी देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे यात्रा सुविधाओं में सुधार के साथ पर्यटन क्षेत्र को भी लाभ मिल सकता है।
6. SSA के तहत ₹5,110 करोड़ जारी करने की मांग
मुख्यमंत्री विजय ने समग्र शिक्षा अभियान (SSA) के तहत तमिलनाडु को मिलने वाली 5,110 करोड़ रुपये की लंबित राशि जारी करने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि केंद्र सरकार यह राशि बिना किसी शर्त के जारी करे।
विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के बाद PM मोदी ने क्या कहा?
तमिलनाडु में विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि सरकारें बदलती रही हैं, लेकिन तमिलनाडु के विकास को लेकर उनका संकल्प नहीं बदला है।
प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान जहां राज्य में विभिन्न विकास परियोजनाओं की शुरुआत हुई, वहीं मुख्यमंत्री विजय की छह मांगों ने मेट्रो विस्तार, रेल कनेक्टिविटी, जल प्रबंधन और शिक्षा के लिए केंद्र से सहयोग के मुद्दों को भी सामने रखा।
