ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

पहाड़ से मैदान तक योगमय, मुख्यमंत्री ने योगगुरु बाबा रामदेव के साथ किया योग

उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक 09 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर देवभूमि योगमय हो गई। मुख्यमंत्री ने सुबह पतजंलि योगपीठ में बाबा रामदेव के साथ योगाभ्यास किया तो अन्य स्थानों पर लोगों को प्रशिक्षित योगाचार्यों ने योग का अभ्यास कराया।

बुधवार सुबह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पतंजलि योगपीठ में आयोजित योग शिविर में शामिल हुये। इस दौरान बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण के साथ मुख्यमंत्री मंच से सधे अंदाज में योग किया। बाबा रामदेव ने मुख्यमंत्री धामी की प्रशंसा भी की। इस दौरान योगगुरु बाबा रामदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विशेष प्रयासों से आज भारत के योग को पूरे विश्व में अपनाया जा रहा है। जिसका नेतृत्व भारत कर रहा है यह गर्व का विषय है।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर खेल निदेशालय की ओर से महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित योग कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य ने योग किया। इस दौरान जिला खेल कार्यालय छात्रावास के खिलाड़ी और खेल निदेशालय के अधिकारी व स्टाफ कर्मचारियों ने भी योग किया।

 

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा पहले भी था। लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग की महत्ता बताने का कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है। जिससे आज विश्व में योग की धूम है।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में चारों धाम- बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, कुमाऊं के 15 मानस खंड मंदिर, हर की पैड़ी हरिद्वार, गंगा रिजॉर्ट, ऋषिकेश एवं 300 आयुष हेल्थ एंड वेलनेस केंद्रों में भी योग के कार्यक्रम हुए। राज्य के गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के सभी जिलों में प्रशिक्षित योगाचार्यों ने लोगों को योगाभ्यास कराया। इसके साथ ही योग के फायदे भी बताए। देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, पिथौरागढ़, नैनीताल, हल्द्वानी, रुद्रपुर, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, रामनगर में लोग शिविरों के साथ ही घरों में भी योगाभ्यास करते नजर आए।

अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस पर राज्य में मुख्य कार्यक्रम जागेश्वर धाम, अल्मोड़ा व सह कार्यक्रम सूर्य मंदिर, कोसी कटारमल, अल्मोड़ा में आयोजित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *