• June 30, 2026

राम मंदिर चढ़ावा केस: चंपत राय ने पुलिस के सामने दी सफाई, बोले– मेरी कोई भूमिका नहीं

लखनऊ: अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित गबन मामले में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने अयोध्या पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज कराते हुए किसी भी प्रकार की संलिप्तता से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि जैसे ही उन्हें चढ़ावे में गड़बड़ी की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चंपत राय ने अपने बयान में कहा कि संदिग्धों की गिरफ्तारी उनके निर्देश पर ही हुई। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि चढ़ावे में किसी तरह की हेरफेर न हो, इसकी जिम्मेदारी उनकी थी।

इस्तीफे के बाद दर्ज कराया बयान
गौरतलब है कि इस मामले के सामने आने के बाद चंपत राय और ट्रस्ट सदस्य अनिल मिश्रा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद ही चंपत राय अयोध्या पुलिस के समक्ष बयान दर्ज कराने पहुंचे।

8 आरोपी गिरफ्तार, जांच का दायरा बढ़ा
इस मामले में पुलिस अब तक टिन्नू यादव समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। सभी आरोपियों को अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और उन्हें 13 जुलाई को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा। जांच के दौरान कुछ बैंक कर्मियों की भूमिका भी सामने आई है, जिसकी पड़ताल जारी है।

बैंकों को नोटिस, 70-80 लोगों से पूछताछ की तैयारी
अयोध्या पुलिस ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा और केनरा बैंक समेत करीब छह बैंकों को नोटिस जारी कर आरोपियों, ट्रस्ट और संबंधित व्यक्तियों के बैंक खातों और लॉकर की जानकारी मांगी है। बताया जा रहा है कि इस मामले में 70 से 80 लोगों के बयान दर्ज किए जा सकते हैं।

ट्रस्ट की अगली बैठक अहम
राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने बताया कि ट्रस्ट की अगली बैठक में इस पूरे मामले पर अहम फैसला लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि चंपत राय ने इस विवाद की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दिया है। फिलहाल, मामले की जांच तेज़ी से जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *