• June 28, 2026

सीएम योगी का अखिलेश यादव पर हमला, बोले- ‘अयोध्या की चिंता मत कीजिए, पहले अपना इतिहास देखिए’

हाथरस: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस में एक कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर अयोध्या को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अयोध्या की चिंता करने से पहले अखिलेश यादव को अपने राजनीतिक इतिहास पर नजर डालनी चाहिए। सीएम योगी ने कहा, “आप अपना इतिहास देखिए। आपके लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं। अयोध्या की चिंता मत कीजिए। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रामभक्तों के प्रयासों से अयोध्या त्रेता युग की याद दिलाने वाली नगरी बन रही है।” उन्होंने समाजवादी पार्टी पर हिंदू धार्मिक परंपराओं और आस्था से जुड़े आयोजनों का विरोध करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार के दौरान कृष्ण जन्माष्टमी और कांवड़ यात्रा जैसे आयोजनों पर रोक लगाने की कोशिश की गई थी, जबकि वर्तमान सरकार मंदिरों के विकास और धार्मिक स्थलों के सुंदरीकरण पर काम कर रही है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हाथरस में 22 से अधिक मंदिरों का सुंदरीकरण कराया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले मंदिरों के विकास के बजाय अन्य कार्यों पर सरकारी धन खर्च किया जाता था, जबकि उनकी सरकार धार्मिक स्थलों के संरक्षण और विकास को प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव को रामलला के दर्शन करने की सलाह देते हुए कहा, “पश्चाताप कीजिए और एक बार रामलला के दर्शन कर लीजिए, उससे सद्बुद्धि आएगी।” उन्होंने आगे कहा कि यदि समाजवादी पार्टी वास्तव में धार्मिक आस्था का सम्मान करती है तो उसे मथुरा और श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर भी स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।

क्या कहा था अखिलेश यादव ने?

इससे पहले समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा था कि उनकी सरकार बनने पर अयोध्या को एक ऐसी आदर्श धार्मिक नगरी के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त हो। उन्होंने यह भी कहा था कि उनकी सरकार अयोध्या के पारंपरिक गौरव, आस्था और स्थानीय लोगों के अधिकारों को मजबूत करने के लिए कार्य करेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह बयान अखिलेश यादव की इसी टिप्पणी के जवाब के रूप में देखा जा रहा है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *