सुनील शेट्टी का खुलासा: हर सुबह पीएम मोदी की तस्वीर को लड्डू खिलाती हैं नातिन इवाराह
नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी ने अपनी 15 महीने की नातिन इवाराह को लेकर एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि इवाराह की सुबह की दिनचर्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर को लड्डू अर्पित करना शामिल है। अभिनेता का कहना है कि उन्होंने या परिवार के किसी सदस्य ने उसे ऐसा करने के लिए नहीं सिखाया, बल्कि यह उसकी अपनी स्वाभाविक आदत है। टाइम्स नाउ को दिए एक इंटरव्यू में सुनील शेट्टी ने कहा कि वह लंबे समय से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रशंसक रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका समर्थन किसी राजनीतिक दल के लिए नहीं, बल्कि एक नेता के रूप में पीएम मोदी के प्रति है। उन्होंने बताया कि एक बार एयरपोर्ट पर इवाराह की नैनी ने उसे प्रधानमंत्री मोदी के बारे में बताया था। इसके बाद से इवाराह उन्हें पहचानने लगी। सुनील शेट्टी ने कहा, “हर सुबह वह साईं बाबा की किताब खोलती है, जिसमें मोदी जी की तस्वीर भी है। तस्वीर देखते ही वह ‘मोदी जी, मोदी जी’ कहती है और फिर गणपति बप्पा की मूर्ति के पास से लड्डू लाकर तस्वीर के सामने खिलाने की कोशिश करती है।” अभिनेता ने कहा कि उन्होंने कभी इवाराह को ऐसा करने के लिए प्रेरित नहीं किया और न ही उसके माता-पिता ने उसे यह सिखाया है। उनके अनुसार, यह सब पूरी तरह स्वाभाविक है और उन्हें यह बेहद खास और भावुक करने वाला अनुभव लगता है।
मार्च 2025 में हुआ था इवाराह का जन्म
गौरतलब है कि अभिनेत्री अथिया शेट्टी और भारतीय क्रिकेटर केएल राहुल ने 24 मार्च 2025 को अपनी पहली संतान का स्वागत किया था। बाद में केएल राहुल के जन्मदिन पर दोनों ने अपनी बेटी का नाम इवाराह सार्वजनिक किया, जिसका अर्थ “भगवान का तोहफा” बताया गया। अथिया और केएल राहुल ने अब तक अपनी बेटी को लाइमलाइट से दूर रखा है। हालांकि, वे समय-समय पर उसकी झलक सोशल मीडिया पर साझा करते रहे हैं, लेकिन अब तक उसका चेहरा सार्वजनिक नहीं किया है। सुनील शेट्टी ने इंटरव्यू के दौरान यह भी कहा कि उनकी नातिन इवाराह कई मायनों में अपनी मां अथिया शेट्टी जैसी है और उन्होंने उसे प्यार से “अथिया 2.0” बताया।