• June 17, 2026

IND vs NED Women’s T20 World Cup: पाकिस्तान के बाद नीदरलैंड्स पर नजर, सेमीफाइनल की राह आसान करना चाहेगी टीम इंडिया

नई दिल्ली: पाकिस्तान के खिलाफ शानदार जीत से उत्साहित भारतीय महिला क्रिकेट टीम बुधवार को महिला टी20 विश्व कप के अपने दूसरे ग्रुप मुकाबले में नीदरलैंड्स का सामना करेगी। टीम इंडिया की नजर लगातार दूसरी जीत दर्ज कर सेमीफाइनल की राह मजबूत करने पर होगी। खास बात यह है कि महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत और नीदरलैंड्स पहली बार आमने-सामने होंगे।

पाकिस्तान पर बड़ी जीत से बढ़ा आत्मविश्वास

अपने पहले मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 64 रन से हराकर टूर्नामेंट में दमदार शुरुआत की थी। उस मैच में सलामी बल्लेबाज Smriti Mandhana और विकेटकीपर बल्लेबाज Richa Ghosh ने अहम पारियां खेलीं। हालांकि कप्तान Harmanpreet Kaur और Shafali Verma उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकीं। ऐसे में नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम अपने बल्लेबाजी क्रम से और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी।

इन खिलाड़ियों पर रहेंगी निगाहें

मध्यक्रम की बल्लेबाज Bharti Fulmali पिछले मैच में खाता नहीं खोल सकी थीं, जबकि Jemimah Rodrigues से भी बड़ी पारी की उम्मीद होगी। भारत को आगे चलकर ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों से भी भिड़ना है, इसलिए बल्लेबाजी में निरंतरता बेहद अहम होगी। गेंदबाजी में स्पिन विभाग ने पाकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था। Deepti Sharma और Shree Charani ने मिलकर आठ विकेट झटके थे। दीप्ति ने मात्र 10 रन देकर पांच विकेट लेकर फॉर्म में वापसी के संकेत दिए।

पिच और मौसम रिपोर्ट

हेडिंग्ले की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है, हालांकि शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार मैच के दौरान बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन भारी बारिश की संभावना नहीं है। हल्की बारिश मैच में थोड़ी देर के लिए बाधा डाल सकती है।

कहां देखें लाइव मैच?

भारत और नीदरलैंड्स के बीच महिला टी20 विश्व कप मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। इसके अलावा डीडी स्पोर्ट्स पर भी मैच का लाइव टेलिकास्ट उपलब्ध रहेगा। ऑनलाइन दर्शक जियोहॉटस्टार पर मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग देख सकेंगे।

संभावित प्लेइंग इलेवन

भारत:
स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, श्री चरणी।

नीदरलैंड्स:
हीथर सीगर्स, फेबे मोलकेनबोअर, बैबेट डी लीडे (कप्तान एवं विकेटकीपर), स्टेरे कालिस, रॉबिन रिज्के, सान्या खुराना, फ्रेडरिक ओवरडिज्क, आइरिस ज़्विलिंग, कैरोलिन डी लैंग, सिल्वर सीगर्स, इसाबेल वैन डेर वोनिंग।

भारत के लिए यह मुकाबला केवल दो अंक हासिल करने का नहीं, बल्कि नेट रन रेट मजबूत करने का भी सुनहरा अवसर होगा। ऐसे में टीम इंडिया बड़ी जीत दर्ज कर सेमीफाइनल की ओर एक और मजबूत कदम बढ़ाना चाहेगी।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *