दिल्ली के आईटीआई में आधुनिक लैब्स स्थापित होंगी, कौशल विकास को मिलेगा बढ़ावा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा को मजबूत करने के लिए बड़ी पहल की घोषणा की है। इस योजना के तहत चार आईटीआई में अत्याधुनिक लैब्स स्थापित की जाएंगी और मौजूदा सुविधाओं को अपग्रेड किया जाएगा, ताकि प्रशिक्षण उद्योग की वर्तमान जरूरतों के अनुरूप हो सके।
जहांगीरपुरी आईटीआई में पावर इलेक्ट्रॉनिक्स लैब
जहांगीरपुरी स्थित आईटीआई में पावर इलेक्ट्रॉनिक्स लैब स्थापित की जाएगी। यहां पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे क्षेत्रों में उन्नत प्रशिक्षण दिया जाएगा। लैब में पीएलसी किट, वीएफडी ट्रेनर, ट्रांसफॉर्मर ट्रेनर, सोलर पीवी किट और स्मार्ट एनर्जी मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे उपकरण लगाए जाएंगे। इससे प्रशिक्षुओं को आधुनिक सिस्टम के संचालन और मेंटेनेंस का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा।
ट्रेनी स्टूडेंट्स को बड़ा फायदा
इस पहल से इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, सोलर टेक्नीशियन, फिटर और अन्य तकनीकी ट्रेड्स के करीब 480 छात्रों को लाभ मिलेगा। सरकार का लक्ष्य इन संस्थानों को “सेंटर ऑफ एक्सीलेंस” के रूप में विकसित करना है, जिससे युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़े।
हरि नगर आईटीआई में वेल्डर लैब अपग्रेड
हरि नगर स्थित आईटीआई जेल रोड में वेल्डर लैब का व्यापक आधुनिकीकरण किया जाएगा। यहां आधुनिक वेल्डिंग मशीनें, सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण और प्लाज्मा कटिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे करीब 200 प्रशिक्षुओं को आधुनिक औद्योगिक वेल्डिंग तकनीकों का अनुभव मिलेगा।
निजामुद्दीन में ऑटोमोटिव लैब्स अपग्रेड
निजामुद्दीन स्थित आईटीआई अरब की सराय में ऑटोमोटिव सेक्टर की लैब्स को वर्चुअल रियलिटी (VR) जैसी तकनीकों से लैस किया जाएगा। यहां एबीएस और एयरबैग सिस्टम जैसी आधुनिक वाहन तकनीकों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस सुविधा से 208 छात्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
मयूर विहार में इलेक्ट्रिक व्हीकल लैब
मयूर विहार के एचजेबी आईटीआई में इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) लैब स्थापित की जाएगी। यहां बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम, इलेक्ट्रिक मोटर्स और ईवी चार्जिंग तकनीकों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे 184 प्रशिक्षुओं को आधुनिक इलेक्ट्रिक वाहनों की तकनीक सीखने का अवसर मिलेगा।
कौशल विकास की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह पहल युवाओं को उद्योगोन्मुखी कौशल प्रदान करने में मील का पत्थर साबित होगी। इससे न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्किल इंडिया’ विजन को आगे बढ़ाने में मददगार होगी और देश के युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाएगी। राजधानी के ये आईटीआई लंबे समय से युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण दे रहे हैं और अब आधुनिक लैब्स के जरिए इन्हें और अधिक सशक्त बनाया जा रहा है, जिससे भविष्य की इंडस्ट्री की जरूरतों को पूरा किया जा सके।