प्रियंका गांधी ने ज़ुबीन गर्ग की मौत को राजनीति से दूर रखने की अपील की: असम की संस्कृति बचाने की लड़ाई में कांग्रेस, सीएम हिमंत पर साधा निशाना
गुवाहाटी: असम विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों के बीच कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और स्क्रीनिंग कमिटी की चेयरपर्सन प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि लोकप्रिय गायक ज़ुबीन गर्ग की मौत को राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने ज़ुबीन गर्ग को “असम की आत्मा की आवाज़” और “असम की अभिव्यक्ति” करार देते हुए कहा कि उनके गानों में प्रेम, एकता और असम की अस्मिता झलकती थी।
प्रियंका ने गुवाहाटी में मीडिया से बातचीत में कहा, “मेरी सोच है कि ऐसी चीज़ों का हमें राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। ज़ुबीन गर्ग की जब मृत्यु हुई तो हम सबने देखा कि असम की जनता उनसे कितना प्रेम करती है… ज़ुबीन गर्ग असम की आत्मा की आवाज़ थे, असम की अभिव्यक्ति थे… उनके हर गाने में प्रेम, एकता, असम की अस्मिता थी।
हम भी उसी चीज़ के लिए लड़ रहे हैं, हमारी लड़ाई असम की संस्कृति, सभ्यता बचाने की है…”उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बयानों और गौरव गोगोई एवं उनके परिवार पर हमलों का जिक्र करते हुए तीखा हमला बोला। प्रियंका ने कहा, “चुनाव के समय दो तरह के नेता होते हैं—एक जो बताते हैं कि वे जनता के लिए क्या करना चाहते हैं… दूसरे, ध्रुवीकरण कराओ, एक-दूसरे से लड़ाओ, किसी के परिवार पर आक्रमण करो। हमारी यह राजनीति न कभी रही है और न रहेगी। जिस तरह गौरव गोगोई और उनके परिवार पर आक्रमण हो रहा है, मुझे लगता है कि यह एक उदाहरण होना चाहिए कि ऐसी राजनीति गलत है…”जनता की आवाज़ सुनी जा रही है
प्रियंका ने स्क्रीनिंग कमिटी की बैठकों का जिक्र करते हुए कहा कि कमिटी के सदस्य विभिन्न स्थानों पर गए और लोगों से सीधे बात की। उन्होंने आरोप लगाया कि असम की संपत्ति और लोगों के हितों को बड़े उद्योगपतियों को सौंपा जा रहा है। “जनता देख रही है कि कैसे असम की सारी संपत्ति, असम के लोगों की संपत्ति, बड़े-बड़े उद्योगपतियों को दी जा रही है। यहां के लोग यह जानते हैं। हमारे नेता ने यह दिखाने के लिए एक पैम्फलेट तैयार किया है कि क्या हो रहा है,” उन्होंने कहा।प्रियंका गांधी वाड्रा वर्तमान में असम दौरे पर हैं, जहां उन्होंने स्क्रीनिंग कमिटी की बैठकों की अध्यक्षता की और पार्टी कार्यकर्ताओं से उम्मीदवार चयन पर चर्चा की। उनका दौरा असम कांग्रेस को मजबूत करने और भाजपा सरकार के खिलाफ “चार्जशीट” जारी करने के प्रयासों का हिस्सा है।