जुहू फायरिंग केस में बड़ा खुलासा: जेल से ही प्लानिंग, प्रवीण लोनकर पर शक; क्राइम ब्रांच 12 टीमों के साथ जांच में जुटी
मुंबई: मुंबई के जुहू इलाके में फिल्मकार रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की साजिश जेल के अंदर से रची गई थी। क्राइम ब्रांच की जांच में यह बड़ा सुराग सामने आया है कि बिश्नोई गैंग से जुड़े प्रवीण लोनकर ने जेल में रहते हुए ही इस हमले की पूरी प्लानिंग और लॉजिस्टिक्स संभाली। प्रवीण वर्तमान में बाबा सिद्दीकी मर्डर केस में न्यायिक हिरासत में बंद है, लेकिन पुलिस का दावा है कि उसने जेल से ही हथियार, पैसे और आरोपियों के बीच तालमेल का इंतजाम किया।क्राइम ब्रांच का दावापुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रवीण लोनकर ने बाहरी संपर्कों के जरिए हथियार की व्यवस्था, फंडिंग और शूटर्स को निर्देश दिए। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, पिस्टल और अन्य संसाधनों का इंतजाम भी उसके इशारे पर हुआ। अब जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि जेल के अंदर से उसने किस-किस के माध्यम से संपर्क साधा और निर्देश कैसे पहुंचाए गए।
अब तक 12 गिरफ्तारियांइस मामले में मुख्य शूटर समेत कुल 12 आरोपियों को पुणे, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया जा चुका है। चूंकि प्रवीण पहले से जेल में है, इसलिए क्राइम ब्रांच अब उसे इस केस में औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। रिमांड मिलने पर साजिश की पूरी कड़ी जोड़ने और गैंग की आगे की योजनाओं का खुलासा होने की उम्मीद है।
12 टीमें जांच में लगींक्राइम ब्रांच ने इस हाई-प्रोफाइल केस की जांच के लिए करीब 12 विशेष टीमें गठित की हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रवीण लोनकर की कस्टडी मिलते ही जेल से संचालित अपराधी नेटवर्क और साजिश के अन्य पहलुओं पर गहराई से पूछताछ की जाएगी।यह घटना मुंबई पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है, क्योंकि जेल से बाहर अपराधी गतिविधियों का संचालन एक गंभीर सुरक्षा खामी को उजागर कर रहा है। जांच अभी जारी है और जल्द ही बड़े खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।