उत्तर भारत में ठंड से राहत, लेकिन मौसम फिर बदलेगा: 17-18 फरवरी को बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

नई दिल्ली: उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड अब कम हो गई है। सुबह और शाम को हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि दिन में तेज धूप के कारण तापमान में अच्छी खासी बढ़ोतरी देखी जा रही है। कई जगहों पर लोगों को दिन के समय गर्मी का अहसास होने लगा है। हालांकि, यह राहत ज्यादा दिन नहीं रहेगी, क्योंकि मौसम एक बार फिर पलटी मारने वाला है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जानकारी दी है कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने वाला है। इसका प्रभाव 16 फरवरी (सोमवार) से शुरू हो जाएगा।
17 और 18 फरवरी को बारिश-बर्फबारी का अलर्टIMD के अनुसार, 17 और 18 फरवरी (मंगलवार-बुधवार) को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में कई जगहों पर बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। इसमें जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड शामिल हैं। उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों जैसे पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में भी छिटपुट बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम में यह बदलाव दिन के तापमान को भी प्रभावित करेगा, जिससे अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी। बादलों की छाई रहने और बौछारों के कारण ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ क्या है?
पश्चिमी विक्षोभ एक मौसमी प्रणाली है, जो मुख्य रूप से सर्दियों के दौरान मध्य पूर्व से आती है। यह कम दबाव का क्षेत्र होता है, जो उत्तर भारत, पाकिस्तान, नेपाल और हिमालय क्षेत्र में अचानक मौसम बदलाव लाता है। इससे तेज हवाएं चलती हैं और पहाड़ों पर बर्फबारी व मैदानों में बारिश होती है।
कोहरे की स्थिति बनी हुईदेश के कई हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाया हुआ है। तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जैसे इलाकों में कोहरे की मोटी परत के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। उत्तर भारत में भी कुछ जगहों पर कोहरा देखा जा रहा है, हालांकि इसकी तीव्रता कम हुई है।
IMD ने लोगों से सलाह दी है कि मौसम के बदलाव को लेकर सतर्क रहें, खासकर पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वालों को।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *