बजट सत्र में हंगामा जारी: लोकसभा में राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पास, राज्यसभा में विपक्ष का वॉकआउट; PM मोदी शाम 5 बजे संबोधित करेंगे
नई दिल्ली: संसद के बजट सत्र में लगातार हंगामा जारी है। विपक्षी सांसदों के विरोध के कारण लोकसभा को बार-बार स्थगित करना पड़ रहा है। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लोकसभा में संबोधन हंगामे के चलते टल गया था। गुरुवार को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को ध्वनि मत से पास कर दिया गया, लेकिन प्रधानमंत्री का जवाब नहीं दिया जा सका।
अब सभी की नजरें राज्यसभा पर टिकी हैं, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम 5 बजे राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देंगे और सदन को संबोधित करेंगे। हालांकि, राज्यसभा में भी सत्र की शुरुआत में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार हंगामा देखने को मिला।
विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे की किताब (अप्रकाशित संस्मरण) के अंश उद्धृत करने की अनुमति नहीं दी गई, जिसके विरोध में विपक्षी सांसदों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। खरगे ने आरोप लगाया कि लोकसभा सुचारू रूप से नहीं चल रही है और विपक्ष को बोलने का अधिकार नहीं दिया जा रहा।
वॉकआउट में कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), आम आदमी पार्टी (आप), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई-एम) के सदस्य शामिल थे। यह विवाद मुख्य रूप से 2020 के भारत-चीन सीमा गतिरोध से जुड़े जनरल नरवणे के संस्मरण के संदर्भ पर केंद्रित है, जिसे विपक्ष राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर उठा रहा है, जबकि सत्ता पक्ष इसे सदन नियमों का उल्लंघन बता रहा है।लोकसभा में भी राहुल गांधी के इसी संदर्भ पर बोलने के प्रयास से हंगामा बढ़ा, जिसके कारण सदन बार-बार स्थगित हुआ। अब PM मोदी का राज्यसभा संबोधन बजट सत्र के इस घमासान के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।