ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी बारिश से लोग हलकान, कई जिलों में स्कूल बंद

मुंबई, 22 जुलाई । महाराष्ट्र के कई जिलों में सोमवार को सुबह से तेज बारिश के कारण लोग हलकान हो गए हैं। बारिश को देखते हुए नवी मुंबई, नागपुर, गढ़चिरौली सहित कई जिलों में स्कूलों में सार्वजनकि अवकाश घोषित कर दिया गया है। साथ ही कई जिलों में भारी बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ गया है और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है।

मौसम विभाग ने रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, सांगली, कोल्हापुर, सातारा, पालघर, ठाणे के कुछ हिस्सों में, गढ़चिरौली, चंद्रपुर, भंडारा, गोंदिया, नागपुर, अमरावती और वाशिम जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। मुंबई में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट घोषित किया है, इससे शहर में रह रहकर तेज बारिश आज सुबह से हो रही है। नतीजतन, निचले इलाकों में जलभराव हो गया है और इसका असर सड़क यातायात पर पड़ रहा है। बारिश की वजह से मध्य, हार्बर और पश्चिम रेलवे की लोकल सेवा धीमी गति से चल रही हैं।

कोल्हापुर जिले में पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश से कई जलाशय भर गए हैं। इन जलाशय क्षेत्रों में प्रशासन को तैयार रखा गया है। साथ ही पर्यटन क्षेत्रों में पर्यटकों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। भंडारा जिले में पिछले दो दिनों से भारी बारिश हो रही है और सड़कों और निचले इलाकों में पानी जमा हो गया है। यहां भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों के घरों में भी पानी घुस गया है। मौसम विभाग ने आज भंडारा जिले में रेड अलर्ट की घोषणा की है और एहतियात के तौर पर जिला कलेक्टर योगेश कुंभेजकर ने स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा की है।

रत्नागिरी जिले में जगबुड़ी नदी के खतरे के निशान को पार करने के कारण नागरिकों को सतर्क कर दिया गया है। सांगली के शिराला तहसील में वार्ना नदी में बाढ़ आ गई है और शिराला तहसील के ऐटवाडे खुर्द में पुल पानी में डूब गया है। पुल पर पानी होने के कारण प्रशासन ने इस स्थान पर पुल को यातायात के लिए बंद कर दिया है। इसके चलते शिराला और कोल्हापुर जिले के बीच नजदीकी संपर्क टूट गया है। पश्चिमी के साथ-साथ उत्तरी महाराष्ट्र में भी बारिश की चेतावनी दी गई है। नासिक, नंदुरबार, धुले जलगांव जिले के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *