नूंह: गुटबाजी व भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी कांग्रेस, जनता का भला नहीं कर सकती: डा. सतीश पूनिया

नूंह/गुरुग्राम, 21 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने नूंह में कहा कि हुड्डा और सैलजा के आपसी विवाद तथा भ्रष्टाचार के मामलों में घिरी कांग्रेस हरियाणा की जनता का भला नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि बिखरी हुई कांग्रेस सत्ता पाने का ख्वाब देख रही है, लेकिन कांग्रेस के ख्वाबों को भाजपा के कार्यकर्ता प्रदेश की जनता के साथ मिलकर धूल धूसरित कर देंगे।

डा. सतीश पूनिया रविवार को नूंह स्थित भाजपा कार्यालय झिर कमल में आयोजित जिला विस्तारित कार्यकारिणी की बैठक में बोल रहे थे। पूनिया ने कार्यकर्ताओं के सामने दावा किया कि इस बार भी प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी जाति, पंथ और मजहब के आधार पर टिकट वितरण नहीं करती, बल्कि जीतने वाले प्रत्याशी को ही टिकट देकर जनसेवा का मौका देती है। विस्तारित जिला कार्यकारिणी में जिला प्रभारी समय सिंह भाटी, जिला अध्यक्ष नरेंद्र पटेल, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जाकिर हुसैन ने प्रदेश प्रभारी डा. पूनिया का भव्य स्वागत किया। डा. पूनिया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस सभी सीटें जीतने का ख्वाब पाल रही थी, लेकिन जनता और कार्यकर्ताओं की मेहनत ने कांग्रेस के ख्वाबों को धराशाही किया। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस को रोका और विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस का सूपड़ा ही साफ कर देगी। डा. पूनिया ने कहा कि 2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा 40 सीटों पर विजयी रही, लेकिन लोकसभा के चुनाव में हम 44 सीटों पर आगे रहे हैं, चार सीटों का इजाफा हुआ है। दस वर्षों में केंद्र की मोदी और हरियाणा की डबल इंजन सरकार ने हरियाणा में बुनियादी विकास किया है।

उन्होंने कहा कि मेवात हो, दक्षिणी हरियाणा या फिर जीटी रोड बैल्ट पार्टी का संगठन धरातल पर काफी मजबूत है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 22 जिलों में कार्यकारिणी की बैठकें हो चुकी हैं, आज नूंह में आखिरी बैठक थी। इसके बाद पार्टी के जिला, विधानसभा, मंडल और बूथ स्तर पर भी कार्यक्रम होंगे। भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि विधानसभा चुनाव में मेवात से लेकर अंबाला तक इस बार भाजपा के पक्ष में अच्छा परिणाम आएगा और तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। डा. पूनिया ने कहा कि आने वाले समय में सरकार की और भी जन कल्याणकारी घोषणाएं होंगी और पार्टी भी अपनी रणनीति का खुलासा करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *