ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

विश्वास मत से पहले ही प्रचण्ड ने खाली किया सरकारी आवास, संसद से सीधे निजी निवास जाने की तैयारी

काठमांडू, 12 जुलाई  प्रधानमंत्री पुष्पकमल दाहाल प्रचण्ड ने संसद में विश्वास मत लेने से ठीक पहले अपने सरकारी बंगले को छोड़ दिया है। संसद भवन में विश्वास मत के बाद प्रधानमंत्री प्रचण्ड सीधे अपने निजी निवास में जाने की तैयारी में हैं।

प्रतिनिधि सभा में प्रधानमंत्री प्रचण्ड द्वारा प्रस्तावित विश्वास मत की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नेपाल में सत्ता समीकरण बदलने और प्रचण्ड को समर्थन कर रहे कई राजनीतिक दलों द्वारा समर्थन वापस लेने के बाद उनकी सरकार अल्पमत में आ गई है। हालांकि प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने के बदले उन्होंने विश्वास मत लेने की प्रक्रिया शुरू की है।

संसद भवन में पहुंचने पर प्रधानमंत्री प्रचण्ड ने बताया कि वो अपना सरकारी निवास छोड़ कर आए हैं और यहां से सीधे अपने निजी निवास में जाने वाले हैं। विश्वास मत को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि राजनीति में केपी ओली ने जो बेइमानी और धोखेबाजी की है, उसकी कीमत नेपाली जनता को चुकानी पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और एमाले के बीच बना गठबन्धन कई तरह से आशंकाओं के घेरे में है।

इस समय संसद का अंकगणित प्रचण्ड के पक्ष में नहीं है। कभी पूरे सदन के 273 सांसदों का समर्थन लेकर प्रधानमंत्री बनने वाले प्रचण्ड आज सिर्फ 63 सांसदों के साथ सत्ता से बाहर हो रहे हैं। कुछ दिन पहले तक पांच साल तक सत्ता चलाने का दावा करने वाले प्रचण्ड के विपक्ष में दो तिहाई से भी अधिक सांसदों द्वारा मतदान करने के लिए व्हिप जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *