ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

पाकिस्तान में ईद-उल-अजहा की पूर्व संध्या पर आईईडी विस्फोट में चार नागरिकों की मौत, पांच आतंकी मारे गए

इस्लामाबाद, 17 जून (हि.स.)। पाकिस्तान में ईद-उल-अजहा की पूर्व संध्या पर रविवार को हुए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) विस्फोट में चार नागरिकों की मौत हो गई। इसके अलावा आतंकवाद विरोधी अभियान के अंतर्गत सुरक्षाबलों ने पांच आतंकवादियों को मार गिराया।

डान समाचार पत्र के अनुसार, रविवार को मध्य कुर्रम क्षेत्र में लगाए गए आईईडी विस्फोट होने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। जिला पुलिस अधिकारी निसार अहमद खान ने कहा कि आईईडी सड़क के किनारे लगाया गया था। इस स्थान से यात्रियों से भरी एक कार के गुजरते समय जोरदार विस्फोट हो गया। सभी यात्री ईद-उल-अजहा के लिए कुर्बानी का जानवर खरीदने जा रहे थे।

एआरवाई न्यूज चैनल के अनुसार, सुरक्षाबलों ने खैबर पख्तूनख्वा के खैबर जिले में रविवार को पांच आतंकवादियों को मार गिराया। इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस पाकिस्तान ने कहा है कि मारे गए आतंकवादी सुरक्षा बलों पर हमलों और निर्दोष नागरिकों की हत्या में शामिल थे। इन आतंकियों के कब्जे से हथियार, गोलियां और विस्फोटक भी बरामद हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *