ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मध्यप्रदेश में देरी से आएगा मानसून, आज भोपाल-इंदौर और जबलपुर संभाग में बारिश की संभावना

भोपाल, 17 जून (हि.स.) । इस बार मध्यप्रदेश में मानसून आने में देरी हो सकती है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में ब्रांच कमजोर होने से मानसूनगुजरात में ठहरा हुआ है। 19-20 जून तक बालाघाट, डिंडोरी से मध्यप्रदेश में इसके आने की संभावना है। हालांकि प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश की गतिविधियां जारी है। भोपाल में सोमवार तड़के तेज हवा चलने के बाद बारिश हुई। बादल गरजने के साथ बिजली भी कड़की। मौसम विभाग ने आज (सोमवार) को भोपाल के अलावा इंदौर, जबलपुर संभाग में बारिश की संभावना जताई है। जबकि निवाड़ी, छतरपुर समेत कई जिलों में लू का असर रहेगा।

इससे पहले रविवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई तो कई शहरों में भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। सतना का चित्रकूट सबसे गर्म रहा। यहां दिन का तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सबसे गर्म टॉप-10 शहरों में निवाड़ी का पृथ्वीपुर, खजुराहो, छतरपुर का बिजावर, ग्वालियर, नौगांव, सतना, सिंगरौली, सीधी, रीवा शामिल हैं। निवाड़ी-खजुराहो में 46 डिग्री सेल्सियस, बिजावर में 45.8 डिग्री, ग्वालियर में 45.7 डिग्री, नौगांव में 45 डिग्री, सतना में 44.9 डिग्री, सिंगरौली में 44.3 डिग्री और सीधी-रीवा में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

रविवार को भोपाल, सिवनी, रायसेन, छिंदवाड़ा, रतलाम, विदिशा, पचमढ़ी समेत कई जगहों पर बारिश हुई। भोपाल के बैरसिया रोड पर दोपहर 3 बजे तेज पानी गिरा। रात में भी बारिश का दौर चला। सिवनी शहर समेत बंडोल में तेज हवा के साथ बारिश हुई। वहीं, मौसम विभाग ने सोमवार को जबलपुर, दमोह, नरसिंहपुर, सिवनी, बालाघाट, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर और खरगोन में आंधी, बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि निवाड़ी, छतरपुर, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी और मैहर में गर्मी का असर रहेगा। इन जिलों में लू का यलो अलर्ट है। वहीं, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुरकलां, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर, रायसेन, नर्मदापुरम, सीहोर, राजगढ़, शाजापुर, देवास, आगर-मालवा, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, रतलाम, पन्ना, कटनी, उमरिया, अनूपपुर, मंडला और डिंडोरी में आंधी, गरज-चमक का यलो अलर्ट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *