• December 28, 2025

उप्र के उत्तर पश्चिमी इलाकों में बौछारें पड़ने की संभावना

 उप्र के उत्तर पश्चिमी इलाकों में बौछारें पड़ने की संभावना

 बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं का असर उत्तर प्रदेश में दिखने लगा। यह नम हवाएं राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं से टकरा रही हैं और बादल बन रहे हैं। इन्हीं बादलों की वजह से स्थानीय स्तर पर बौछारें पड़ रही हैं और कानपुर में सुबह बौछारें पड़ी, जिससे न्यूनतम तापमान कम हो गया।

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश के उत्तरी पश्चिमी इलाकों में आगामी दो दिन हल्की बौछारें स्थानीय स्तर पर पड़ने की संभावना है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि अगले चौबीस घंटे के दौरान पूर्वोत्तर भारत, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, सिक्किम, असम और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश संभव है।

केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, ओडिशा के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़, दक्षिण मध्य प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, पश्चिमी हिमालय में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। बिहार में हल्की बारिश संभव है।

उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पंजाब हरियाणा के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश संभव है। कानपुर मंडल में उमस भरी गर्मी जारी रहने की संभावना बनी हुई है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में लू की स्थिति संभव है।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 43.4 और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 46 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 20 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 5.5 किमी प्रति घंटा रही।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के आसार हैं किन्तु वर्षा की कोई संभावना है। इसके साथ ही दिन और रात के तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *