ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

जेजेपी में न कोई जन बचा है और न ही कोई नायक : सुभाष बराला

राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि प्रदेश में जेजेपी अब मात्र केवल एक परिवार की पार्टी बनकर रह गई है। इस पार्टी में अब न तो कोई जन बचा है और न ही कोई नायक। बराला ने पूर्व सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा द्वारा सरकार के अल्पमत में होने और फ्लोर टेस्ट की मांग पर कहा कि भूपेंद्र हुड्डा अब बयान-बयान का खेल खेल रहे हैं। उनका ख्याली पुलाव पकने वाला नहीं है। वे शनिवार को फतेहाबाद जिले के टोहाना क्षेत्र में हर बूथ हर घर चलो अभियान का शुभारंभ किया गया।

उन्होंने गांव डांगरा के मंदिर में सफाई कर इस अभियान की शुरूआत की। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुभाष बराला ने कहा कि यदि सरकार अल्पमत में है तो हुड्डा बयान-बयान क्यों खेल रहे हैं, अपने विधायकों और जिस पार्टी का सहयोग होने की बात कह रहे हैं, उस पार्टी के विधायकों की राजभवन तक दौड़ करवाकर देख लें, पता चल जाएगा कौन अल्पमत में है।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों के समर्थन की बात वो कर रहे हैं, उन 10 विधायकों की जजपा पार्टी ही नहीं रही है। उनका प्रदेशाध्यक्ष नहीं रहा, ज्यादातर विधायकों ने पार्टी के पदों से इस्तीफा दे दिया। जजपा सुप्रीमो अजय चौटाला पर कटाक्ष करते हुए बराला ने कहा कि पार्टी के विधायकों को बोझ बता दिया, लेकिन जिस दिन उन्हें टिकट दिया, उसी दिन देख लेना चाहिए था कि कौन किस पर बोझ है और कौन कितने पानी में है। आनन-फानन में पार्टी बनाई और अब सर्वे-सर्वा भी छोड़ रहे, विधायक भी दौड़ रहे।

पार्टी के लोकसभा चुनाव अभियान पर उन्होंने बताया कि आज सभी उम्मीदवार, सभी नेता, कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को पीएम मोदी की राम-राम बोल रहे हैं। आने वाले दिनों में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व कुछ प्रांतों के मुख्यमंत्री हरियाणा में रैलियां करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी प्रदेश में तीन रैलियां करेंगे, जिनका कार्यक्रम जल्द घोषित होगा। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा द्वारा प्रदेशभर दो दिवसीय बूथ चलो डोर टू डोर जनसम्पर्क अभियान शुरू किया गया है। शनिवार को पहले दिन जिलेभर में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने हर बूथ पर डोर टू डोर जाकर जनसम्पर्क किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *