ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

बिश्नोई समाज के विरोध के बाद पुलिस ने खेजड़ी पेड़ काटने वालों पर दर्ज किया केस

जिले के गांव खाराखेड़ी में बिश्नोई समाज के आस्था के प्रतीक खेजड़ी के दो हरे पेड़ काटने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को बीडीपीओ की शिकायत पर दो ग्रामीणों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस को दी शिकायत में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अनिल कुमार ने कहा है कि गांव खाराखेड़ी निवासी विनोद कुमार ने उन्हें दी शिकायत में कहा है कि रामपाल उर्फ सुब्बो व सतपाल निवासी खाराखेड़ी ने जसराम गोदारा व शेषकरण के खेत में जाने वाले सरकारी रास्ते पर हरी अवस्था में खड़े दो खेजड़ी के वृक्ष को चोरी करने की नीयत से काट कर गिरा दिया है।

इन दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस पर बीडीपीओ द्वारा ग्राम पंचायत से रिपोर्ट मांगी गई। इस पर ग्राम पंचायत ने अपने प्रस्ताव में उक्त लोगों द्वारा खेजड़ी के पेड़ काटने की पुष्टि की। इसके बाद समाज शिक्षा एवं पंचायत अधिकारी, फतेहाबाद से भी रिपोर्ट ली गई, जिसमें अधिकारी ने भी दोनों वृक्ष काटने की पुष्टि की और बताया कि काटे गए दोनों पेड़ मौके पर ही पड़े हैं। इस पर अधिकारी ने इस बारे में पुलिस को शिकायत दी और कहा कि उपरोक्त सम्पति ग्राम पंचायत खाराखेड़ी की है और बिना स्वीकृति के दो हरे पेड़ काटे गए हैं। अब सदर फतेहाबाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि कुछ दिन पूर्व खेजड़ी के पेड़ काटने के विरोध में बिश्नोई समाज के लोगों द्वारा फतेहाबाद में डीसी कार्यालय पर प्रदर्शन भी किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *