ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

हीटवेव से सूरत में 5 दिन में 5 की मौत, 9 दिनों में 1549 लोग हुए बेहोश

गुजरात के अमूमन सभी जिलों में हीटवेव का असर है। सूरत में उल्टी-दस्त, पेटदर्द और बुखार से पिछले 5 दिनों में 5 लोगों की मौत हुई है। वहीं, बड़ी संख्या में लोग बेहोश हो रहे हैं, उल्टी-दस्त के मामले भी बढ़ने लगे हैं। पिछले 9 दिनों में 1549 लोग बेहोश हो गए, इन सभी लोगों को 108 आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा से हॉस्पिटल पहुंचाया गया। गर्मी से संबंधित परेशानी की वजह से राज्य में पिछले 9 दिनों में 7,342 कॉल आए, जिसमें उल्टी-दस्त के 32 फीसदी और सिरदर्द के 27 फीसदी मामले शामिल हैं।

सूरत में उल्टी-दस्त, तेज बुखार और पेटदर्द से पिछले 5 दिनों में 5 लोगों की मौत हो गई है। उल्टी-दस्त से सचिन में रहने वाले 2 वर्ष के बालक और गोड़ादरा क्षेत्र की 28 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गई। शनिवार को सचिन क्षेत्र में बुखार की शिकायत के बाद 6 महीने के बालक, पांडेसरा की 5 वर्षीय बालिका को उल्टी-दस्त और कनकपुर कनसाड क्षेत्र में 30 वर्षीय युवक की पेट दर्द से मौत हो गई।

गुजरात में गर्मी का प्रकोप बढ़ने से उल्टी-दस्त के मामलों में 32 फीसदी और सिरदर्द की तकलीफ में औसत 27 फीसदी मामले बढ़े हैं। पिछले साल 1 से 9 अप्रैल के दौरान विभिन्न बीमारियों में 10 फीसदी का उछाल आया है। पेटदर्द के मामलों में इस साल 9 दिनों में 2586 कॉल एम्बुलेंस को मिले हैं। पिछले साल 2023 में इस अवधि में 2264 कॉल आए थे। गर्मी के कारण बेहोश होने के मामले इस साल 9 दिनों में 1549 केस हैं, सिरदर्द के 158 कॉल और हीटस्ट्रोक के 3 केस में मरीजों को हॉस्पिटल ले जाया गया है। राज्य में पिछले 9 दिनों में हाई फीवर के 1262 केस, उल्टी-दस्त के 1784 केस एम्बुलेंस सेवा को मिले हैं। पिछले साल यह संख्या 1348 थी।

6 शहरों का तापमान 40 डिग्री से अधिक

गुजरात पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी की चपेट में है। बुधवार को राज्य के 6 शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा। राजकोट में सर्वाधिक 41.7 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा अहमदाबाद में 41.5, सुरेन्द्र नगर में 41.5 डिग्री, भुज में 41.1 डिग्री, गांधीनगर में 41 डिग्री, कंडला हवाईअड्डा 40.7 डिग्री, वडोदरा 39.4 डिग्री और वल्लभविद्यनगर व केशोद में 39 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *