ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

घर में ईडी अधिकारियों को देखते ही कारोबारी ने छत से बाहर फेंका फोन

राशन वितरण भ्रष्टाचार मामले की जांच के लिए ईडी ने मंगलवार सुबह साल्ट लेक समेत छह जगहों पर तलाशी अभियान शुरू किया है। केंद्रीय जांच एजेंसी के सूत्रों के मुताबिक, ईडी के अधिकारियों ने कैखाली में एक शेयर कारोबारी के घर पर भी छापेमारी की है। कथित तौर पर केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारियों द्वारा छापेमारी की सूचना मिलने के बाद व्यवसायी ने अपने दो मोबाइल फोन पड़ोसी घर की छत पर फेंक दिए। बाद में ईडी के जांच अधिकारियों ने वो दोनों मोबाइल पड़ोसी के घर से बरामद कर लिए हैं।

पिछले साल अप्रैल में सीबीआई ने भर्ती भ्रष्टाचार की जांच में मुर्शिदाबाद विधायक जीवनकृष्ण साहा के घर पर छापा मारा था। तब जीवनकृष्ण पूछताछ के दौरान बीमार होने की बात कहकर घर से बाहर गए और पीछे शौचालय जाने के नाम पर अपने दो मोबाइल फेंक दिये थे। ऐसा ही नजारा कैखाली में मंगलवार सुबह देखने को मिला।

जांच अधिकारियों का मानना है कि कैखाली के कारोबारी के दोनों फोन में ”वित्तीय भ्रष्टाचार” से जुड़ी कई जानकारियां छिपी हो सकती हैं। ईडी सूत्रों के मुताबिक दोनों फोन जब्त कर लिए गए हैं और उन फोन की जानकारी खंगाली जा रही है।

उल्लेखनीय है कि ईडी अधिकारियों ने मंगलवार सुबह करीब सात बजे साल्ट लेक के आईबी ब्लॉक में एक घर पर छापा मारा है। बाद में पता चला कि ईडी के अधिकारियों ने अलग-अलग टीमों में बंटकर न्यू अलीपुर, पार्क स्ट्रीट, रसेल स्ट्रीट, बागुईहाटी, कैखाली इलाके में पांच अन्य जगहों पर छापेमारी की है। केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की सुरक्षा में ईडी अधिकारी तलाशी अभियान चला रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *