जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे समर्थक, हेल्थ मिनिस्टर के कार से निकलते ही ASI ने मार दी गोली
Breaking news background
ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नव किशोर दास को गोली मारे जाने की घटना का वीडियो सामने आया है। वीडियो में हमलावर असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) तो नहीं दिख रहा मगर यह साफ तौर पर नजर आता है कि उन्हें बेहद करीब से गोली मारी गई है। दास जैसे ही अपनी कार से बाहर निकलते हैं, उन पर फायरिंग हो जाती है। हेल्थ मिनिस्टर के सपोर्टर्स जिस वक्त जिंदाबाद के नारे लगा रहे होते हैं उसी समय गोलीबारी की आवाज सुनाई देती है। गोली लगने के बाद वह अपनी सीट पर वापस बैठ जाते हैं। उनके सीने से खून बहने लगाता है जिसे वह अपने हाथ से दबाए हुए नजर आते हैं।
एक अन्य वीडियो में मंत्री दास अचेत नजर आ रहे हैं और उनके सीने से खून बह रहा है। इसमें स्थानीय लोग मंत्री को उठाकर कार की अगली सीट पर बैठाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने स्टेट हेल्थ मिनिस्टर नव दास पर हुए हमले की निंदा की है। उन्होंने उस प्राइवेट हॉस्पिटल का दौरा किया जहां उन्हें भर्ती कराया गया है। सीएम पटनायक ने क्राइम ब्रांच को घटना की जांच करने का आदेश दिया है।
