एटीएम बूथ में युवती से नकदी छीनकर भागा युवक
शनिवार को रेलवे रोड पर एक एटीएम में पैसे जमा करवाने आई युवती से एक बदमाश हजारों रुपये की नगदी छीनकर फरार हो गया। युवती से छीना झपटी की वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।
कृष्णा कॉलोनी निवासी युवती प्रियंका के भाई रोबिन ने बताया कि उसकी बहन अपनी सहेली के साथ 9500 रुपए की नकदी खाते में जमा करवाने के लिए एटीएम पर गई थी। वह जैसे ही अंदर जाने लगी तो इसी दौरान एक युवक वहां आया और उसकी बहन के हाथ से नकदी छीनकर फरार हो गया। इस पर उसकी बहन ने शोर मचाया, इतने में बाइक पर एक और युवक आया और दूसरा युवक उसके साथ बैठकर वहां से फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज में हैरानी की बात यह दिखी कि युवक कुछ देर बाहर रुककर इंतजार करता है और फिर अंदर जाकर नकदी छीनता है। उस समय एटीएम केंद्र में कुछ अन्य लोग भी थे, जिनके बीच से युवक वारदात को अंजाम देता है।
बता दें कि 17 दिसंबर के बाद लूटपाट, छीनाझपटी सहित क्राइम की यह चौथी वारदात है। 17 दिसंबर की रात को रेलवे रोड पर एक रेस्टोरेंट पर फायरिंग कर 50 लाख रुपए फिरौती मांगी गई थी। फिर रेलवे रोड पर ही एक किराना दुकानदार से तेजधार हथियार दिखाकर हजारों की छीनी गई। उसके बाद रतिया रोड पर एक सबमर्सिबल पाइप की दुकान में घुसे दो नकाबपोश युवकों ने दुकानदार की गर्दन पर कापा रखकर 23 हजार रुपए लूटे थे। अब युवती से नकदी छीनी गई है।
