ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

संसद की सुरक्षा मामले में राहुल गांधी के बयान को भाजपा ने बताया राजनीति से प्रेरित

संसद की सुरक्षा में सेंध के मामले को बेरोजगारी और महंगाई से जोड़ने के कांग्रेस के बयान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पलटवार किया है। शनिवार को भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस और आईएनडीआई गठबंधन पर निशाना साधते हुए बयान को बचकाना और गैरजिम्मेदाराना बताया।

शहजाद पूनावाला ने कहा कि देश और संसद की सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दे पर राजनीति नहीं की जानी चाहिए। संसद के भीतर 13 दिसंबर की घटना दुर्भाग्यपूर्ण थी। इसकी निंदा की जानी चाहिए लेकिन कांग्रेस के नेता हमलावरों के प्रति सहानुभूति दिखा रहे हैं।

कांग्रेस के अभियान डोनेशन फॉर देश पर शहजाद पूनावाला ने कहा कि इन्होंने साठ सालों तक देश को लूटा है। तीन राज्यों में हार के बाद यह साफ है कि देश तो कांग्रेस को वोट देने के मूड में भी नहीं है।

राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी से सवालों की बौछार करते हुए शहजाद पूनावाला ने सवालिया लहजे में कहा कि संसद के अंदर हमला करने वालों के बचाव में उतरे विपक्ष के तार तो कहीं इनके साथ नहीं जुड़े हैं? हमले की आरोपित नीलम आजाद कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ दिखाई दी थी और उसके लिए ही वोट मांगती दिखाई दी थी। इनको कानूनी सहायता भी कांग्रेस पार्टी तो नहीं दे रही हैं? ये रिश्ता क्या कहलाता है?

उल्लेखनीय है कि शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संसद के अंदर हुए हमले को बेरोजगारी और महंगाई से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि संसद की सुरक्षा की सुरक्षा में सेंध लगी है लेकिन ऐसा क्यों हुआ, क्योंकि इसके पीछे बेरोजगारी की मजबूरी है। मोदी सरकार की पॉलिसी के कारण हिंदुस्तान के युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। इस घटना की असली वजह बेरोजगारी और महंगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *