ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

धोरों पर ऊंट व घोड़ों की बहार, बॉलीवुड नाइट में 26 को अमित मिश्रा बहाएंगे सुरों की सरिता

अंतरराष्ट्रीय पुष्कर पशु मेले का 18 नवंबर को स्टेडियम में ध्वजारोहण एवं पुष्कर सरोवर के 52 घाटों पर दीपदान के बीच रंगारंग आगाज होगा। मेले में हर दिन देशी-विदेशी मेहमानों के बीच खेलकूद व पशु प्रतियोगिता होगी। राजस्थानी लोक कलाकार लोक कला एवं संस्कृति की छटा बिखेरेंगे तथा प्रसिद्ध सिंगर अमित मिश्रा सुर व संगीत की सरिता बहाएंगे।

पर्यटन अधिकारी प्रधुमन सिंह ने बताया कि पर्यटन विभाग की ओर से 23 नवंबर को मेला स्टेडियम के रंगमंच पर बेस्ट ऑफ राजस्थान सांस्कृतिक संध्या होगी। इसमें बाड़मेर, डीग भरतपुर समेत प्रदेश के विभिन्न गांव व शहरों के लोक कलाकार रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगे। बॉलीवुड नाइट आयोजित की जाएगी। इसमें पार्श्व गायक अमित मिश्रा गायकी का जादू बिखेरेंगे। मेले में पशु व पशुपालकों की आवक लगातार जारी है। दिनों दिन पशुओं की बढ़ती तादाद से पुष्कर के धोरे गुलजार हैं। मेले में भाग लेने के लिए पशु एवं पशु पालकों के साथ-साथ तीर्थ यात्रियों तथा विदेशी मेहमानों की संख्या भी दिनों-दिन बढ़ रही है। पर्यटकों के झुंड धोरों में घूम-घूमकर मेले का लुत्फ उठा रहे हैं, पशुओं की अठखेलियां व पशुपालकों के ग्रामीण परिवेश को कैमरों में कैद कर रहे हैं।

पुष्कर मेला एवं विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुष्कर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। पुलिस की मोबाइल टीमें गठित की गई हैं।यह टीमें अपने-अपने हलके में गश्त कर संदिग्ध एवं शातिरों को दबोच रही हैं। कमीशन के लालच में देशी-विदेशी मेहमानों को नाजायज परेशान करने वाले लपकों की धर-पकड़ की जा रही है। सादा ड्रेस में भी जवान राउंड ले रहे हैं। पुष्कर मेले में बदमाशों व असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए नगर पालिका की ओर से मुख्य मंदिरों, सरोवर के घाटों समेत प्रमुख चौक-चौराहों पर 150 से अधिक खुफिया कैमरे लगाए जाएंगे। इसका कंट्रोल रूम नगर पालिका कार्यालय में रहेगा। यहां से पुलिस पूरे मेले पर नजर रखेगी। चोर- शातिरों पर शिकंजा भी कसेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *