ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

उप राष्ट्रपति के भ्रमण के लिए पुलिसकर्मियों को ब्रीफिंग कर दी गई जानकारी

उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के प्रस्तावित जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत सुरक्षा में नियुक्त किये गये समस्त पुलिस कर्मियों को गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून और अन्य उच्चाधिकारियों ने पुलिस लाइन देहरादून में ब्रीफिंग दी।

ब्रीफिंग के दौरान कार्यक्रम के लिए किए गए सुरक्षा प्रबन्धों की समीक्षा करते हुए वर्तमान सुरक्षा परिदृश्यों के दृष्टिगत सभी अधिकारी/कर्मचारीगणों को सजग एवं सतर्क रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने को निर्देशित किया गया। इस दौरान एसएसपी देहरादून द्वारा उपस्थित पुलिस बल को ब्रीफ किया कि ड्यूटी के दौरान निर्धारित समय से 03 घंटे पूर्व अपने ड्यूटीस्थल पर पहुंचकर अपनी ड्यूटी के सम्बन्ध में अपने प्रभारी अधिकारी से जानकारी प्राप्त कर लें। ड्यूटी स्थल व उसके आस-पास के स्थानों को भली-भांति चेक कर लिया जाये।

कार्यक्रम स्थल पर केवल अधिकृत व्यक्तियों और उनके वाहनों को ही जाने की अनुमति दी जाए। इसके अतिरिक्त ड्यूटी में नियुक्त पुलिस बल को निर्देशित किया कि ड्यूटी के दौरान अपने साथ लाठी डंडा अवश्य रखें। साथ ही ड्यूटी में निर्धारित वर्दी धारण करें, ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग न किया जाए और न ही बिना बताये अपने ड्यूटी प्वांइट को छोड़ा जाये। ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने पर सम्बन्धित पुलिस कर्मी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी।

सभी नोडल पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वह सादे और वर्दी में लगने वाले समस्त पुलिस बल की पहचान कर उनके ड्यूटी कार्ड चेक करते हुए उन्हें ड्यूटी के सम्बन्ध में भली भांति ब्रीफ कर दें। इस बात को सुनिश्चित कर लें कि ड्यूटी में नियुक्त अधिकारी/कर्मचारीगण अपने ड्यूटी स्थल को छोड़कर किसी एक स्थान पर एकत्रित न हों। साथ ही वीआईपी रुट प्रभारी को निर्देशित किया कि वीआईपी कार्यक्रम से पूर्व ही सम्पूर्ण रुट व्यवस्था का भली प्रकार निरीक्षण कर मार्ग में हो रहे निर्माण कार्यों को समय से पूर्ण करने हेतु संबंधित कार्यदायी संस्था से संपर्क कर निर्देशित करें। इस बात को भी सुनिश्चित कर लिया जाये कि वीआईपी रूट पर किसी प्रकार की निर्माण सामग्री न पड़ी हो।

इसके अतिरिक्त सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि उप राष्ट्रपति के भ्रमण के दौरान कार्यक्रम स्थल व उसके आस-पास के क्षेत्र में ड्रोन का संचालन पूर्ण रूप से प्रतिबन्धित रहेगा। इस दौरान किसी को भी उक्त क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होगी। यदि किसी के द्वारा ड्रोन के माध्यम से उक्त कार्यक्रम की कवरेज की जानी हो तो उसे पहले अनुमति लेनी अनिवार्य होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *