• October 19, 2024

बच्चों के प्यारे, मिसाइल मैन कलाम हमारे

 बच्चों के प्यारे, मिसाइल मैन कलाम हमारे

देश-दुनिया के इतिहास में 15 अक्टूबर की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। यह तारीख इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में भारत के मिसाइल और परमाणु हथियार कार्यक्रम को फौलादी और अभेद बनाने वाले पूर्व डॉ. राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के जन्मदिन के तौर पर दर्ज है।

बेहद सहज और सरल व्यक्तित्व वाले मृदुभाषी कलाम की रहनुमाई में रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन ने सबसे घातक और मारक हथियार प्रणालियों का देश में ही विकास किया। 15 अक्टूबर, 1931 को तमिलनाडु के रामेश्वरम के धनुषकोडी गांव में जन्मे कलाम देश के युवाओं को देश की सच्ची पूंजी मानते थे। वह बच्चों को हमेशा बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करते थे। बच्चे उन्हें प्यार से अंकल कहते थे।

एपीजे अब्दुल कलाम ने 1950 में मद्रास इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से अंतरिक्ष विज्ञान में स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने भारतीय रक्षा अनुसंधान एवं विकास संस्थान में प्रवेश लिया, जहां उन्होंने हावरक्राफ्ट परियोजना पर काम किया। वह 1962 में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) में आए।

इसरो में कलाम ने परियोजना निदेशक के तौर पर भारत के पहले स्वदेशी उपग्रह प्रक्षेपण यान एसएलवी-3 के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस यान से भारत ने रोहिणी उपग्रह सफलतापूर्वक अंतरिक्ष में भेजा। इस मिसाइल को बनाने में उन्होंने कड़ी मेहनत की। इस वजह से उन्हें मिसाइल मैन कहा गया। इसके बाद कलाम साहब ने देश को कई सारे मिसाइल दिए।

एपीजे अब्दुल कलाम जुलाई 1992 में भारतीय रक्षा मंत्रालय में वैज्ञानिक सलाहकार बने। कलाम साहब के नेतृत्व में भारत ने 1998 में पोखरण में अपना दूसरा सफल परमाणु परीक्षण किया और इससे पूरी दुनिया को महाशक्ति बनने का एहसास दिलाया। इस मिशन में कलाम साहब ने अभूतपूर्व योगदान दिया।

वो 18 जुलाई 2002 को देश के राष्ट्रपति बने। राष्ट्रपति बनने के बाद भी उनके स्वभाव में तनिक भी बदलाव नहीं आया और इसी के बदौलत उन्हें जनता के राष्ट्रपति की उपाधि मिली। कलाम साहब ने राष्ट्रपति भवन के दरवाजे जनता के लिए खोल दिए। ऐसे कई किस्से हैं, जब राष्ट्रपति भवन में उनके साथ कोई आम इंसान या किसान खाना खा रहे होते, तो कभी पुलिस वालों से वे बात कर रहे होते।

राष्ट्रपति पद से मुक्त होने के बाद कलाम साहब ने देश के विभिन्न कॉलेज-संस्थानों में काम किया। उन्होंने लोगों के बीच रहना पसंद किया। वह हमेशा देश के नागरिकों से मिलते रहे। उन्होंने कई पुस्तकें लिखीं। उनकी पुस्तकें लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हुईं। कलाम साहब का सपना 2020 तक भारत को शक्तिशाली और आर्थिक रूप से समृद्ध बनाना था।

कलाम साहब के 79 वें जन्मदिन को संयुक्त राष्ट्र ने विश्व विद्यार्थी दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इसके साथ ही उन्हें भारत सहित दुनियाभर के देशों ने कई पुरस्कारों से नवाजा। भारत सरकार ने उन्हें 1997 में भारत रत्न, 1981 में पद्म भूषण और 1990 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया था। उन्होंने 27 जुलाई 2015 की शाम इस फानी दुनिया को अलविदा कहा।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1686ः मुगल शासक औरंगजेब ने बीजापुर के साथ शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए।

1932 : टाटा समूह ने पहली एयरलाइन की शुरुआत की। इसका नाम ‘टाटा संस लिमिटेड’ रखा गया।

1949ः त्रिपुरा राज्य को भारत में सम्मिलित किया गया।

1951 : अमेरिकी टेलीविजन के हास्य धारावाहिक ‘आई लव लूसी’ का प्रसारण। इसमें लूसील बॉल और उनके पति डेसी एरनाज ने प्रमुख भूमिका निभाई। यह धारावाहिक दुनियाभर में खूब देखा और सराहा गया।

1969 : सोमालिया के राष्ट्रपति कैब्दी राशिद केली शेरमार्के की हत्या।

1987 : बुर्किना फासो में सैनिक विद्रोह में शासन प्रमुख थामस संकारा का तख्ता पलट करने के बाद उनकी और उनके कुछ समर्थकों की हत्या।

1988 : उज्जवला पाटिल एक नौका से दुनिया की यात्रा करने वाली पहली एशियाई महिला बनीं।

1990ः सोवियत संघ के तत्कालीन राष्ट्रपति मिखाइल गोर्बाचेव को नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया।

1993 : दक्षिण अफ्रीका के नेता नेल्सन मंडेला और एफडब्ल्यू क्लार्क को रंगभेद को शांतिपूर्ण ढंग से खत्म करने और नये लोकतांत्रिक दक्षिण अफ्रीका की नींव रखने पर नोबेल शांति पुरस्कार के लिए चुना गया।

1996ः फिजी व्यापक परीक्षण प्रतिबंध संधि की पुष्टि करने वाला प्रथम देश बना।

1998ः गरीबी उन्मूलन के लिए भारत की फातिमा बी को संयुक्त राष्ट्र पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

1999 – चीन ने 12 हजार किलोमीटर तक मार करने वाले डीएफ-41 आईसीबीएम प्रक्षेपास्त्र का सफल परीक्षण किया।

2003 : अंतरिक्ष में मानवयुक्त यान भेजने वाला चीन तीसरा देश बना।

2006ः संयुक्त राष्ट्र संघ ने उत्तर कोरिया पर प्रतिबंध लगाया।

2012ः ब्रिटिश लेखिका हिलेरी मेंटल को उपन्यास ब्रिंग अप द बडीज के लिए मैन बुकर पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

2013ः फिलीपींस में भूकंप।215 से अधिक लोगों की मौत।

जन्म

1542ः मुगल शासक अकबर।

1914ः अफगानिस्तान के अंतिम राजा मोहम्मद जहीर शाह।

1922ः प्रसिद्ध संगीतकार शंकर ( मशहूर जोड़ी शंकर-जयकिशन)।

1931ः भारत के पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम।

1936ः दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मदन लाल खुराना।

1946ः भारतीय अभिनेता विक्टर बनर्जी।

1947ः छत्तीसगढ़ के संगीतज्ञ और प्रसिद्ध लोकगायक मदन सिंह चौहान।

1952ः छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ।

1957ः भारतीय फिल्म निर्देशक मीरा नायर।

1957ः भारतीय जनता पार्टी के नेता मुख्तार अब्बास नकवी।

निधन

1240: दिल्ली सल्तनत पर 1236 ई. से 1240 ई. तक शासन करने वालीं रजिया सुल्तान।

1918 : शिरडी के साईं बाबा।

1961ः प्रख्यात कवि पंडित सूर्यकान्त त्रिपाठी निराला।

1975ः पद्म भूषण से सम्मानित प्रसिद्ध चित्रकार एवं मूर्तिकार देवी प्रसाद राय चौधरी।

1999ः भारत के स्वतंत्रता संग्राम में क्रान्तिकारियों की प्रमुख सहयोगी दुर्गा भाभी।

2012ः कंबोडिया के राजा नोरोदम शिनौक।

2020 : भारत की प्रथम ऑस्कर विजेता कॉस्ट्यूम डिजाइनर भानु अथैया।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *