• October 19, 2025

पूर्व केंद्रीय मंत्री सरताज सिंह का निधन, मुख्यमंत्री समेत अनेक नेताओं ने जताया शोक

 पूर्व केंद्रीय मंत्री सरताज सिंह का निधन, मुख्यमंत्री समेत अनेक नेताओं ने जताया शोक

केंद्र और मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता सरताज सिंह का गुरुवार को निधन हो गया। सरताज बाबूजी के नाम से पहचाने जाने वाले सरताज सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें तीन दिन पहले भोपाल के अपोलो अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां उन्होंने सुबह 5.30 बजे अंतिम सांस ली। वे 83 साल के थे।

सरताज सिंह के छोटे भाई सुरिंदर पाल सिंह ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार (13 अक्टूबर) को नर्मदापुर में किया जाएगा। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत पार्टी के अनेक नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

सरताज सिंह भाजपा के कद्दावर नेता थे। वह पांच बार सांसद और दो बार विधायक रहे। इस दौरान वह केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश सरकार में भी मंत्री रहे। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार में वन व पीडब्ल्यूडी जैसे मंत्रालयों का जिम्मा संभाला। वह 1998 के लोकसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे अर्जुन सिंह को भी एक बार चुनाव में पटखनी दे चुके थे। वे अटल बिहारी वाजपेयी की 13 दिन की सरकार में मंत्री रहे। इसके अलावा वह दो बार नगर पालिका अध्यक्ष भी रह चुके थे।

साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा से टिकट न मिलने पर सरताज सिंह पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। उन्होंने होशंगाबाद (अब नर्मदापुरम) सीट से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीतासरन शर्मा के खिलाफ चुनाव लड़ा था। हालांकि वह चुनाव हार गए थे। बाद में उन्होंने पुन: भाजपा में वापसी कर ली थी।

सरताज सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री चौहान ने शोक व्यक्त किया है। चौहान ने एक्स के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि देते हए कहा कि केंद्र व मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री रहे सरताज सिंह के निधन का दुःखद समाचार सुनकर मन व्यथित है। भगवान से प्रार्थना है कि वह दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिवारजनों को यह अपार दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति।

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने उनके निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री सरताज सिंह के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकमय परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें।

Digiqole Ad

Rama Niwash Pandey

https://ataltv.com/

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *