ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

देवरिया खूनी संघर्ष के बाद पुलिस की कार्रवाई जारी, एक को उठाया

रुद्रपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर सोमवार सुबह हुए खुनी संघर्ष में छह लोगों की मौत के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस मामले में एक व्यक्ति को उठाया है और अन्य की गिरफ्तारी की जा सकती है। गांव में ऐहतियातन तौर पर भारी संख्या में पीएसी और पुलिस बल तैनात है। मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संज्ञान में आने के बाद गोरखपुर कमिश्रर, आईजी, देवरिया डीएम-एसपी सहित तमाम पुलिस के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। मुख्यमंत्री योगी इस घटना पर खुद नजर बनाए हुए हैं।

जिला अधिकारी अखण्ड प्रताप ने बताया कि रूद्रपुर तहसील में फतेहपुर गांव के लेहड़ा टोला में पुलिस को सूचना मिली कि एक वारदात घटित हुई है। इसमें एक पक्ष से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और पांच लोग मरणासन्न अवस्था में मिले थे। सभी को आनन-फानन में देवरिया मेडिकल कॉलेज भेजा गया। डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया है। मामले की जांच की गई तो गांव के ही सत्यप्रकाश दुबे के भाई साधू दुबे ने अपने हिस्से की जमीन प्रेमचंद्र यादव को बेची थी। इस जमीन पर प्रेमचंद्र का कब्जा था। सात-आठ साल पहले ही इस मामले को निपटा लिया गया था। जमीन की पुरानी रंजिश को लेकर यह घटना हुई है। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस की टीमें जांच कर रही हैं। इसके आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, भूमि को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह सात बजे के करीब प्रेमचंद यादव सत्य प्रकाश दुबे के घर पर जाकर झगड़ने लगे। विवाद बढ़ गया और सत्य प्रकाश दुबे एवं अन्य लोगों ने मिलकर प्रेमचंद यादव को ईंट से मारकर हत्या कर दी। इस बीच जब यह खबर प्रेमचंद यादव के घर वालों को हुई तो उनकी ओर से पहुंचे घरवालों ने धारदार हथियार से सत्य प्रकाश दुबे, उनकी पत्नी किरण दुबे एवं पुत्री सलोनी, नंदिनी के अलावा पुत्र गांधी दुबे की हत्या कर दी। पुत्र अनमोल दुबे घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय रुद्रपुर पुलिस में फोर्स पहुंची तब तक हमलावर भाग चुके थे। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकरी पर गोरखपुर से कमिश्नर अनिल ढींगरा एवं आईजी के रविंद्र गौड़ मौके पर पहुंचे एवं घटनास्थल का जायजा लिया।

इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान में लिया है। प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद रुद्रपुर हत्याकांड की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को शांति व्यवस्था को बनाए रखने और मृतकों के परिजनों की आर्थिक मदद के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *