ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

शैक्षणिक ज्ञान के साथ व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान दें विद्यार्थी : प्रो. बीआर कम्बोज

 हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने कहा है कि विद्यार्थियों को अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए लगातार प्रयत्नशील रहना चाहिए। उन्हें शिक्षा के साथ खेल व सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढक़र भाग लेना चाहिए।

प्रो. बीआर कम्बोज बुधवार को विश्वविद्यालय के इंदिरा चक्रवर्ती सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2023-24 में दाखिला पाने वाले नवांगतुक छात्राओं के लिए आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कुलपति ने नवांगतुक छात्राओं को महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेकर व उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने पर जोर दिया और कहा कि छात्राओं को अपने करियर के निर्माण के लिए ज्ञान के साथ व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान देना चाहिए क्योंकि शिक्षा से ज्ञान का विकास होता है। इस ज्ञान को प्रदर्शित करने के लिए व्यक्तित्व विकास बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि छात्राओं को अपने चहुंमुखी विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल व सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढक़र भाग लेना चाहिए।

मुख्य अतिथि ने नवांगतुक छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे बहुत भाग्यशाली है कि उन्हें इस विश्व प्रसिद्ध विश्वविद्यालय में शिक्षा ग्रहण करने का अवसर मिला है। यहां विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनका लाभ उठाकर उन्हें अपना लक्ष्य हासिल करना चाहिए। इंदिरा चक्रवर्ती सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. मंजू महता ने कार्यक्रम में उपस्थित नवांगतुक विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों व विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध की गई सुविधाओं पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से नैतिक मूल्यों व अनुशासन का पालन करने का भी आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपरोक्त महाविद्यालय के विस्तार शिक्षा एवं संचार प्रबंधन विभाग की प्रभारी डॉ. बीना यादव, परिधान एवं वस्त्र विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. नीलम एम. रोज, खाद्य एवं पोषण विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. संगीता चहल सिंधु व संसाधन प्रबंधन एवं उपभोक्ता विज्ञान संचार विभाग व मानव विकास एवं पारिवारिक अध्ययन विभाग के सभी प्रभारियों ने अपने विभाग का परिचय देकर विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली, शैक्षणिक कार्यक्रमों व सहशैक्षणिक गतिविधियों के बारे में जानकारी प्रदान की। इस कार्यक्रम का संचालन डॉ. वीनू सांगवान व डॉ. ज्योति सिहाग ने किया जबकि मंच संचालन छात्रा जैसमिन व सानोवार ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के अधिष्ठाता, निदेशक, विभागाध्यक्ष, शिक्षाविद्, शोधार्थी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *