उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ नई दिल्ली के लिए रवाना

मध्य प्रदेश के एक दिवसीय प्रवास के बाद उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शुक्रवार को वायुसेना के विशेष विमान से नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। भोपाल के राजकीय विमानतल पर प्रदेश के जनसम्पर्क एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने अभिवादन कर उपराष्ट्रपति को विदाई दी।

उपराष्ट्रपति धनखड़ भोपाल में माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (एमसीयू) के चतुर्थ दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए भोपाल आए थे। भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से वे अपनी धर्मपत्नी डॉ. सुदेश धनखड़ के साथ भोपाल पहुंचे। यहां विमानतल पर जनसम्पर्क मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने अगवानी कर आत्मीय स्वागत किया। इस मौके पर विधायक रामेश्वर शर्मा, महापौर मालती राय, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव विनोद कुमार, पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना, लेफ्टिनेंट जनरल विपुल सिंघल सहित अन्य जन-प्रतिनिधि तथा वरिष्ठ अधिकारियों ने उनकी अगवानी की। एमसीयू के चतुर्थ दीक्षांत समारोह में उन्होंने विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कीं और विश्वविद्यालय के नव-निर्मित भवन के लोकार्पण किया। इसके पश्चात वे नई दिल्ली के लिए रवाना हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *