ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आज, राज्यपाल पटेल होंगे मुख्य अतिथि

राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आज (मंगलवार को) भोपाल के आरसीव्हीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी में आयोजित किया जा रहा है। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि राज्यपाल मंगुभाई पटेल शामिल होंगे और चयनित शिक्षकों को सम्मानित करेंगे। समारोह प्रात: 11.00 बजे प्रारंभ होगा। समारोह की अध्यक्षता स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) इंदर सिंह परमार करेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी मुकेश मोदी ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा किया गया है। समारोह में राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार-2023 के लिए चयनित शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक श्रेणी में आठ और उच्चतर माध्यमिक शिक्षक श्रेणी में छह शिक्षकों का चयन किया गया है। इस तरह कुल 14 शिक्षकों को राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

समारोह में राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2022 प्राप्त दो शिक्षकों रायसेन जिले से नीरज सक्सेना और शाजापुर जिले से ओमप्रकाश पाटीदार को भी सम्मानित किया जाएगा। सम्मानित होने वाले शिक्षकों को आयोजन के बाद एक्सपोजर विजिट भी कराई जाएगी।

राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षकों में प्राथमिक एवं माध्यमिक (कक्षा 1 से 8) शिक्षक श्रेणी में राजगढ़ जिले से प्राथमिक शिक्षक पूजा पनवार, बालाघाट जिले से प्राथमिक शिक्षक तिलोतमा कटरे, दमोह जिले से प्राथमिक शिक्षक संध्या तंतुवाय, सीधी जिले से प्राथमिक शिक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह, इंदौर जिले से सहायक शिक्षक नमिता दुबे, ग्वालियर जिले से सहायक शिक्षक सुनीता पाठक, सिंगरौली जिले से माध्यमिक शिक्षक शरद कुमार पांडे एवं दमोह जिले से माध्यमिक शिक्षक विमल कुमार पटेल शामिल हैं। वहीं, उच्चतर माध्यमिक (कक्षा 9-12) शिक्षक श्रेणी में मुरैना जिले से उच्च माध्यमिक शिक्षक राकेश कुमार शर्मा, उज्जैन जिले से शिक्षक राजेश राठौर, छिंदवाड़ा जिले से माध्यमिक शिक्षक मनीषा जैन, सागर जिले से माध्यमिक शिक्षक शालिनी, बड़वानी जिले से सहायक शिक्षक अजय यादव एवं उज्जैन जिले से प्राचार्य अशोक कुमार सक्सेना को सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *