सब कुछ ठीक रहा तो राहुल, प्रियंका और सोनिया उप्र से ही उतरेंगे मैदान में

कांग्रेस पार्टी प्रियंका गांधी वाड्रा, सोनिया गांधी और राहुल गांधी को उप्र से लड़ाकर उप्र में एक माहौल बनाने के फिराक में है। इसके लिए पार्टी जमीन तलाश रही है। प्रियंका गांधी को पार्टी के पदाधिकारी वाराणसी से लड़ाना चाहते हैं। यदि वे वहां से न लड़े तो उसके आस-पास चुनाव लड़ जायं तो कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाया जा सकता है।

कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार सोनिया गांधी अपने पुराने लोकसभा क्षेत्र रायबरेली से ही चुनाव लड़ेंगी। वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का कहना है कि वाराणसी से प्रियंका गांधी वाड्रा चुनाव लड़ें तो उनके पक्ष में अच्छा माहौल है। वैसे वे आस-पास के किसी सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। अमेठी की जनता राहुल गांधी को दिनरात याद कर रही है। वहां पर सस्ता सबकुछ उपलब्ध कराने वालों ने सबकुछ महंगा कर दिया। इससे आमजन छलावा महसूस कर रहा है।

कांग्रेस पदाधिकारियों की कोशिश है कि अमेठी से राहुल गांधी चुनाव लड़ें। सिर्फ अमेठी से चुनाव लड़ने की संभावना मात्र से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में जोश भर गया है। इससे कांग्रेस के पदाधिकारी भी उत्साहित हैं। अजय राय ने आने के बाद ही प्रवक्ताओं की टीम को बदल दिया और उनमें जोश लाने का प्रयास किया।

इस संबंध में उप्र की राजनीति को समझने वालों का मानना है कि यदि तीनों लोग यू. पी से चुनाव लड़ते हैं तो फिर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह भर सकता है। इसका बहुत ज्यादा असर तो नहीं पड़ेगा, लेकिन कांग्रेस के घटते जनाधार को रोका जा सकता है। कांग्रेस पदाधिकारियों का भी मानना है कि उप्र में कांग्रेस की पुनर्वापसी बहुत जरूरी है। यहां पार्टी को जमीनी स्तर से जुड़ना होगा।

कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि प्रियंका गांधी वाड्रा को उप्र से चुनाव लड़ाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए क्षेत्र का चुनाव किया जा रहा है। यदि सब कुछ ठीक रहा तो आने वाले लोकसभा चुनाव में वे उप्र से चुनाव लड़ेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *