ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

प्रिगोझिन की मौत के एक दिन पहले रूस के उप रक्षामंत्री के लीबिया में वैगनर लड़ाकों से मिलने की खबर

रूस में व्लादिमिर पुतिन के खिलाफ बगावत करने वाले निजी सेना वैगनर के मुखिया येवगेनी प्रिगोझिन की मौत की गुत्थी सुलझने का नाम नहीं ले रही है। अब यह जानकारी सामने आई है कि प्रिगोझिन की मौत के एक दिन पहले लीबिया में वैगनर लड़ाकों से रूस के उप रक्षामंत्री यूनुस बेक येवकुरोव मिले थे।

निजी सेना वैगनर ने यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध में रूस की नियमित सेना के साथ लड़ाई लड़ी थी। बीते जून में वैगनर के मुखिया येवगेनी प्रिगोझिन ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ बगावत करते हुए अपने सैनिकों के साथ मॉस्को की तरफ चढ़ाई कर दी थी। हालांकि बेलारूस की मध्यस्थता के बाद वे लोग पीछे हट गए थे।

बुधवार को रूस की राजधानी मॉस्को के उत्तर में एक निजी विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से 10 लोगों की मौत हो गई थी। इस विमान में वैगनर प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन भी सवार थे। प्रिगोझिन की मौत को लेकर लोगों में अलग-अलग संदेह है। लोगों का कहना है कि वैगनर प्रमुख की मौत की साजिश रची गई थी।

इन चर्चाओं के बीच लीबिया में वेगनर लड़ाकों के साथ रूसी उप रक्षा मंत्री की बैठक की बात सामने आ रही है। बैठक की जानकारी रखने वाले लीबिया के एक अधिकारी के अनुसार बेंगाजी में हुई बैठक में रूस के उप रक्षा मंत्री यूनुस-बेक येवकुरोव ने मंगलवार को पूर्वी लीबिया के कमांडर खलीफा हफ्तार से कहा कि वैगनर के लड़ाके एक नए कमांडर को रिपोर्ट करेंगे। साथ ही आश्वस्त किया कि वैगनर लड़ाके देश में रहेंगे लेकिन मॉस्को के नियंत्रण में रहेंगे।

जून में हुए विद्रोह के बाद एक सैन्य बैठक होना यह संकेत था कि मॉस्को का इरादा वैगनर समूह को छोड़ने का नहीं है। अब जब प्रिगोझिन की मौत हो गई है तो वैगनर और उसके द्वारा पूरे यूरोप, मध्य पूर्व और अफ्रीका में रूस के लिए बनाए गए सैन्य अभियान का भाग्य अधर में लटक गया है। हालांकि, वैगनर ने खुद को स्थापित करने के लिए यूक्रेन में कई बड़ी लड़ाइयां लड़ी हैं। उसने सीरिया, लीबिया, मध्य अफ्रीकी गणराज्य और माली में गृहयुद्ध लड़े और विद्रोह भी किया। इस दौरान उसने सोने की खदानों और तेल क्षेत्रों पर भी कब्जा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *