ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

रांची में डाक विभाग ने अब तक रक्षा बंधन स्पेशल छह हजार लिफाफे बेचे

रक्षा बंधन पर्व के मद्देनजर डाक विभाग ने राखी को सुरक्षित पहुंचाने के लिए विशेष लिफाफा बनाई है। झारखंड में भी डाक विभाग के कार्यालयों में विशेष लिफाफे की बिक्री हो रही है। पोस्ट ऑफिस में यह रक्षा बंधन स्पेशल लिफाफा दस रुपये में मिल रहा है। यह लिफाफा वाटरप्रूफ भी है। साथ ही डाक विभाग ने पोस्ट ऑफिस के कर्मचारियों को यह आदेश भी दिया इस विशेष लिफाफे को विशेष तवज्जो दी जाए।

इस संबंध में डोरंडा पोस्ट ऑफिस के पोस्ट मास्टर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि अब तक सिर्फ डोरंडा सर्कल से 1500 स्पेशल लिफाफे बेचे गए हैं। डाक विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारी डिप्टी सुप्रीटेंडेंट ऑफ पोस्ट ऑफिस राजीव रंजन के मुताबिक पूरे रांची में लगभग छह हजार रक्षा बंधन के लिए बनाए गए स्पेशल लिफाफे अब तक बिक चुके हैं। राज्य में 25 से 30 हजार लिफाफे बेचने का लक्ष्य है जो करीब पूरा हो चुका है।

डाक पदाधिकारियों ने बताया कि सभी डाकघरों में राज्य के अंदर जाने वाली पोस्टकार्ड के लिए अलग से बास्केट बनाया गया है जबकि राज्य के बाहर जाने वाले लिफाफे के लिए अलग से बास्केट बनाए गए हैं। यह व्यवस्था इसलिए की गई है ताकि राखी वाले पोस्टल आर्डर को तुरंत ही शॉट आउट कर संबंधित स्थान पर भेजने की प्रक्रिया शुरू की जा सके।

रांची जीपीओ के वरीय डाकपाल एस गराईं बताते हैं कि रक्षा बंधन के मौके पर जो विशेष लिफाफे से राखी भेज रहे हैं और जो साधारण पोस्टल जैसे स्पीड पोस्ट या रजिस्ट्री के माध्यम राखी भेज रहे हैं, उन सभी लोगों के लिए डाक विभाग की तरफ से काउंटर साधारण दिनों की तुलना में ज्यादा समय तक खोले जा रहे हैं।

अमूमन डाक विभाग का काउंटर शाम चार बजे तक लोगों के लिए खुला रहता था लेकिन रक्षा बंधन को देखते हुए विभाग ने काउंटर खोलने के समय में एक्सटेंशन कर दिया जो कि देर शाम आठ बजे तक खुली रह रही है। भाइयों को राखी भेजने पोस्ट ऑफिस पहुंची महिलाओं ने भी सरकार के इस व्यवस्था की प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *